जल जीवन मिशन के सभी कार्यों में गुणवत्ता के साथ समय-सीमा का पालन अनिवार्य - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई

जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, लापरवाह ठेकेदारों का अनुबंध निरस्त करने की चेतावनी 
बेमेतरा 09 अक्टूबर 2026 - जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की कार्यकारिणी समिति की समीक्षा बैठक आज कलेक्टर एवं मिशन की अध्यक्ष सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति, वित्तीय स्वीकृति, भुगतान एवं जल परीक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। 

बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय - 
समूह जलप्रदाय योजनाओं की समीक्षा 
जिले में प्रगतिरत समूह जलप्रदाय योजनाओं के समयावधि विस्तार के अनुमोदन पर चर्चा हुई। साथ ही SNA स्पर्श के अंतर्गत देयकों के भुगतान तथा दिनांक 08 सितंबर 2026 के उपरांत प्राप्त आवंटन एवं किए गए भुगतान का अनुमोदन किया गया।

जल परीक्षण प्रयोगशाला को सुदृढ़ करने पर जोर 
उपखण्ड स्तरीय जल परीक्षण प्रयोगशाला साजा के लिए आवश्यक CRM एवं केमिकल की GeM पोर्टल के माध्यम से खरीदी तथा संबंधित प्राक्कलन के अनुमोदन पर सहमति बनी, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में जल की गुणवत्ता की नियमित जांच हो सके। 

लापरवाह ठेकेदारों पर सख्ती 
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जो तीन ठेकेदार अंतिम नोटिस के बाद भी तीन दिवस के भीतर कार्य प्रारंभ नहीं करते हैं, उनका अनुबंध तत्काल निरस्त किया जाए। इसके साथ ही जनवरी 2027 तक पूर्ण किए जाने वाले कार्यों के संबंधित ठेकेदारों की अलग से बैठक आहूत कर कार्यपालन अभियंता को प्रगति सुनिश्चित करने कहा। 

जल जीवन मिशन के सभी कार्यों में गुणवत्ता के साथ समय-सीमा का पालन अनिवार्य 
कलेक्टर सुश्री ममगाई ने कहा कि जल जीवन मिशन शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है। इसका उद्देश्य हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना है, इसलिए सभी कार्यों में गुणवत्ता के साथ समय-सीमा का पालन अनिवार्य है।

बैठक में इनकी रहीं उपस्थिति 
बैठक में कार्यपालन अभियंता जल संसाधन उमाकांत सुखदेवे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शरद कोहाड़े, जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल, सीएसपीडीसीएल से जेएस भटनागर, सहायक संचालक जनसंपर्क हेमलाल प्रभाकर, कृषि उपसंचालक एमडी डडसेना, उपवन मण्डल अधिकारी श्रीमती माधुरी तिवारी, क्रेडा, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की ओर से कार्यपालन अभियंता जेपी गोंड सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं जिला समन्वयक उपस्थित रहे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ