स्टार्टअप योजना युवाओं को रोजगार प्रदान करने में होंगी सहायक सिद्ध - अधिष्ठाता डॉ. अनूप कुमार सिंह

कृषि महाविद्यालय ढोलिया में नवाचार एवं उद्यमिता पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन 

राज्य एवं जिला के अधिकारियों ने दी छात्र-छात्राओं को उद्योग, सेवा क्षेत्र और स्टार्टअप से जुड़ी जानकारियां 
बेमेतरा 05 अक्टूबर 2026 - कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र ढोलिया बेमेतरा में आज वाणिज्य एवं उद्योग विभाग छत्तीसगढ़ तथा जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र बेमेतरा के संयुक्त सहयोग से नवाचार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में उपस्थिति 
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अनूप कुमार सिंह ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं प्रमुख वक्ता के रूप में डायरेक्टर, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग रायपुर तुषार त्रिपाठी, असिस्टेंट डायरेक्टर शैलेंद्र सिंह एवं असिस्टेंट मैनेजर, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र बेमेतरा पारसमणी वर्मा उपस्थित रहे। 

जानकारियां - कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को उद्योग, सेवा क्षेत्र और स्टार्टअप से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। 
कार्यशाला की मुख्य बातें - 
स्टार्टअप और MSME रजिस्ट्रेशन : शैलेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री स्टार्टअप योजना, MSME पोर्टल में रजिस्ट्रेशन, पेटेंट के नियमों और उद्योग विभाग के विभिन्न प्रभागों - कृषि, पशुपालन, स्वास्थ्य, कानून, महिला एवं बाल विकास से जुड़े नवाचारों के बारे में विस्तार से बताया। 
सरकारी योजनाओं की जानकारी : मुख्य वक्ता तुषार त्रिपाठी ने कहा कि नए बिजनेस और उद्योगों की स्थापना से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और बेरोजगारी कम होगी। उन्होंने जमीन की उपलब्धता, आयात-निर्यात अनुदान, मंडी कर अनुदान, तकनीकी जानकारी, गुणवत्ता प्रमाणन, प्रोजेक्ट रिपोर्ट और टेक्नोलॉजी खरीद से संबंधित सरकारी स्कीमों की जानकारी दी। 
लोन और छूट की जानकारी : पारसमणी वर्मा ने नवाचार शुरू करने के लिए मिलने वाले लोन और विभिन्न प्रकार की छूटों के बारे में बताया। 

स्टार्टअप रोजगार में सहायक 
अधिष्ठाता डॉ. अनूप कुमार सिंह ने कहा कि स्टार्टअप योजना युवाओं को रोजगार प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगी और हमारे युवा वर्ग अवश्य ही इससे लाभान्वित होंगे। 

        इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएं, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ