एमएसएमई रायपुर के तत्वावधान में युवाओं को स्वरोजगार एवं स्टार्टअप के लिए किया प्रेरित
पीएम विश्वकर्मा योजना सहित शासकीय योजनाओं की दी जानकारी
बेमेतरा 08 अक्टूबर 2026 - भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के 'सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास कार्यालय (MSME-DFO) रायपुर' के तत्वावधान में आज दिनांक 07 अक्टूबर 2026 को शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) बेरला में एक दिवसीय 'उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम' का सफल आयोजन किया गया।
युवाओं को नौकरी मांगने नहीं, रोजगार देने वाला बनने का मंत्र
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आईटीआई के प्रशिक्षणार्थियों और युवाओं को केवल नौकरी तलाशने तक सीमित न रहकर स्वरोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता की दिशा में प्रेरित करना था, ताकि वे स्वयं का उद्योग स्थापित कर दूसरों को भी रोजगार दे सकें।
विशेषज्ञों ने दी योजनाओं की विस्तृत जानकारी
कार्यक्रम में मुख्य रूप से एमएसएमई विकास कार्यालय रायपुर के ज्वाइंट डायरेक्टर एलके परगनिहा, सहायक निदेशक अजय कुमार, उद्यमिता विशेषज्ञ एवं आनंद एजुकेशनल सोसाइटी के सचिव प्रेम आनंद राव, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र बेमेतरा के मैनेजर ऋषि भट्ट, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के मैनेजर मुकेश कुमार देवांगन सहित विभिन्न विषय विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया।
अन्य योजनाओं के साथ पीएम विश्वकर्मा की जानकारी
विशेषज्ञों ने केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा युवाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न लाभकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। विशेष रूप से 'पीएम विश्वकर्मा योजना' के तहत मिलने वाले लाभ, वित्तीय सहायता, कौशल प्रशिक्षण, सब्सिडी, ऋण योजनाओं एवं मार्केटिंग सपोर्ट पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। उन्होंने बताया कि तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त युवा किस प्रकार कम पूंजी में अपना व्यवसाय शुरू कर सकते हैं।
शंकाओं का किया गया समाधान
सत्र के दौरान प्रशिक्षणार्थियों द्वारा पूछे गए सवालों - व्यवसाय कैसे शुरू करें, प्रोजेक्ट रिपोर्ट कैसे बनाएं, उद्योग आधार पंजीकरण, लाइसेंस एवं बैंक लोन की प्रक्रिया क्या है - इन सभी शंकाओं का विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थिति
कार्यक्रम में शासकीय आईटीआई बेरला के प्रशिक्षण अधीक्षक/संस्था प्रमुख एसके साहू, समस्त प्रशिक्षण अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
बेमेतरा में स्वरोजगार को मिलेगी नई दिशा
संस्था प्रमुख ने सभी अतिथियों एवं एमएसएमई विकास कार्यालय रायपुर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से युवाओं में उद्यमिता के प्रति आत्मविश्वास बढ़ेगा और बेमेतरा जिले में स्वरोजगार को नई दिशा मिलेगी।
0 टिप्पणियाँ