बेमेतरा 21 अक्टूबर 2026 - विजयदशमी एवं दशहरा पर्व के पावन अवसर पर बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गोड़गीरी, मोहभट्ठा (कोदवा), देवरबीजा एवं नगर पंचायत कुसमी में आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विधायक दीपेश साहू शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों को विजयादशमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
गोड़गीरी के दशहरा उत्सव में हुए शामिल
ग्राम गोड़गीरी में श्रीराम सेना परिवार द्वारा आयोजित भव्य दशहरा उत्सव में शामिल होकर विधायक दीपेश साहू ने कार्यक्रम का आनंद लिया। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी लोक गायिका सुश्री आरू साहू की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। रावण दहन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया गया।
कुसमी, मोहभट्ठा (कोदवा), देवरबीजा में हुए आयोजन
वहीं नगर पंचायत कुसमी में आयोजित रात्रिकालीन छत्तीसगढ़ी लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘चिन्हारी’ एवं ग्राम मोहभट्ठा (कोदवा) में लोक कला मंच ‘लोकरंग अर्जुन्दा’ तथा ग्राम देवरबीजा में लोक कला मंच ‘महतारी’ की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। इन आयोजनों में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला, पारंपरिक संगीत, लोकगीत और सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक झलक देखने को मिली।
लोक संस्कृति हमारी पहचान, इसका संरक्षण हम सभी का दायित्व
इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोककला, लोकगीत और लोक परंपराएं हमारी सांस्कृतिक पहचान एवं गौरवशाली विरासत का अभिन्न अंग हैं। ऐसे आयोजन हमारी परंपराओं को जीवंत रखने के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपनी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को सहेजें और नई पीढ़ी तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि विजयादशमी का पर्व हमें भगवान श्रीराम के आदर्शों, सत्य, मर्यादा, न्याय और कर्तव्यनिष्ठा का अनुसरण करने की प्रेरणा देता है। हमें इन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाते हुए समाज में सद्भाव, आपसी भाईचारे और संस्कारों को मजबूत करना चाहिए।
केंद्र एवं छत्तीसगढ़ सरकार जनकल्याण और विकास के लिए प्रतिबद्ध
विधायक दीपेश साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार जनकल्याण, महिला सशक्तीकरण, किसान समृद्धि, युवाओं के अवसरों और गरीबों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना एवं किसान सम्मान निधि तथा छत्तीसगढ़ शासन की महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना और अन्य जनकल्याणकारी पहलों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। सरकार और समाज के सामूहिक प्रयासों से छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और परंपराओं को नई पहचान दिलाई जा सकती है।
विधायक के साथ यह रहें उपस्थित
इस दौरान क्षेत्र के जनपद सदस्य रेखा पोषण सिंहा, सरपंच मीनू पाटिल, पुरुषोत्तम यादव, भाजयुमो भिंभौंरी मंडल महामंत्री दुर्गेश वर्मा, पूर्व सरपंच यशवंत वर्मा, अलख पाटिल, भिंभौंरी नगर पंचायत अध्यक्ष संदीप परगनिहा, बलराम देवांगन, देवांश वर्मा, बिसरू वर्मा, प्रकाश साहू, श्रीराम सेना परिवार समस्त ग्रामवासी, क्षेत्रवासी, दर्शकगण उपस्थित रहे।
बधाई एवं प्रार्थना
अंत में विधायक दीपेश साहू ने सभी आयोजक समितियों, लोक कलाकारों एवं क्षेत्रवासियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा भगवान श्रीराम से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।
0 टिप्पणियाँ