जांच टीम ने संचालक को दिया तीन दिन का अंतिम अल्टीमेटम, ब्लाक में झोला छाप डॉक्टरों पर पहली कार्यवाही
एसडीएम के निर्देश पर स्वास्थ्य, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त कार्यवाही
बेमेतरा 18 सितंबर 2026 - जिलें के देवकर तहसील क्षेत्र के ग्राम सहसपुर में कथित रूप से अवैध रूप से संचालित श्रीराम दवाखाना पर गुरुवार को स्वास्थ्य, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने जांच कार्रवाई की। ग्रामीणों की लिखित शिकायत के बाद एसडीएम साजा के निर्देश पर टीम ने मौके पर पहुंची और क्लिनिक का निरीक्षण किया।
शिकायत पर एसडीएम ने भेजा जांच टीम
ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को दिए आवेदन में आरोप लगाया था कि गांव में "बंगाली डॉक्टर" के नाम से बिना वैध अनुमति के क्लिनिक संचालित किया जा रहा है। शिकायत में इसकी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई थी। शिकायत पर एसडीएम कृष्ण कुमार साहू ने स्वास्थ्य एवं राजस्व विभाग को संयुक्त जांच कर कार्यवाही के निर्देश दिए थे।
संचालक मिला, मांगा समय
निर्देश के बाद गठित टीम गुरुवार को ग्राम सहसपुर पहुंची। जांच के दौरान किराए के मकान में संचालित क्लिनिक में संचालक रुद्र राय मौजूद मिले। टीम ने क्लिनिक संचालन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान संचालक ने अधिकारियों से क्लिनिक बंद करने के लिए समय देने का अनुरोध किया।
क्लिनिक बंद करने तीन दिन का समय
अधिकारियों ने मौके पर पंचनामा तैयार करते हुए संचालक को तीन दिन के भीतर क्लिनिक पूरी तरह बंद करने का अंतिम अल्टीमेटम दिया और निर्धारित समय-सीमा के बाद भी संचालन जारी रहने पर वैधानिक कार्यवाही की चेतावनी दी।
मकान मालिक को समझाइश
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने जिस किराए के मकान में क्लिनिक संचालित किया जा रहा था, उसके मकान मालिक को भी समझाइश दी। उन्हें बिना आवश्यक वैधानिक अनुमति वाले क्लिनिक के संचालन के लिए भवन उपलब्ध नहीं कराने और भविष्य में ऐसी गतिविधियों से बचने की हिदायत दी गई।
कार्यवाही टीम में यह रहें शामिल
संयुक्त कार्यवाही में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अश्वनी वर्मा, देवकर तहसीलदार रश्मि दुबे, देवकर चौकी प्रभारी अलील चंद, स्वास्थ्य एवं राजस्व विभाग के कर्मचारी तथा ग्राम कोटवार मोहन दास मौजूद रहे। कार्यवाही के दौरान गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ