बेमेतरा 17 सितंबर 2026 - राष्ट्रीय अंधत्व एवं अल्प दृष्टि नियंत्रण कार्यक्रम जिला बेमेतरा अंतर्गत मानव सेवा और समाजहित की भावना से प्रेरित होकर वार्ड नंबर 16 सिघौरी निवासी 62 वर्षीय जितेंद्र कुमार मिश्रा ने नेत्रदान एवं देहदान का घोषणा पत्र भरकर एक प्रेरणादायी एवं अनुकरणीय पहल की है। श्री मिश्रा के इस संकल्प का उद्देश्य मृत्यु के पश्चात भी जरूरतमंदों के जीवन में रोशनी लाने तथा चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में योगदान देना है। उनका यह निर्णय समाज में नेत्रदान एवं देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश देता है।
मानव जीवन में इससे बड़ा योगदान और क्या होगा
इस अवसर पर जितेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि “मानव जीवन में इससे बड़ा योगदान और क्या हो सकता है कि हमारे जाने के बाद भी हमारा शरीर और नेत्र किसी के जीवन में उपयोगी साबित हों। नेत्रदान से किसी के जीवन में रोशनी आ सकती है और देहदान चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के लिए महत्वपूर्ण योगदान है।” उनके इस मानवीय एवं सामाजिक संकल्प की उपस्थित लोगों द्वारा सराहना की गई तथा आम नागरिकों से भी नेत्रदान एवं देहदान के प्रति जागरूक होकर आगे आने की अपील की गई।
प्रेरणादायी उदाहरण
जितेंद्र कुमार मिश्रा का यह संकल्प समाज के लिए मानवता, सेवा और संवेदनशीलता का प्रेरणादायी उदाहरण है। नेत्रदान कोई भी कर सकता है। इसके लिए पहले से नेत्रदान का घोषणा पत्र भरना आवश्यक नहीं होता है। नेत्रदान करने के लिए घर वालों की सहमति ही आवश्यक होती है। परिजन की मृत्यु होने पर शीघ्र ही नेत्र विभाग को सूचित करना चाहिए। मृत्यु के चार घंटे के भीतर नेत्र निकालना होता है।
पीएम के जन्मदिन पर संकल्प
जितेंद्र कुमार मिश्रा ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर नेत्रदान एवं देहदान का संकल्प लिया। उक्त अवसर पर सुश्री नीतू कोठारी पार्षद नगर पालिका बेमेतरा उपस्थित रहीं।
नेत्रदान के लिए संपर्क
नेत्रदान के लिए निम्न अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है - विद्या सागर रात्रे सहायक नेत्रदान अधिकारी जिला चिकित्सालय बेमेतरा - 9926776556, विनोद कुमार बघेल सहायक नोडल अधिकारी विकासखण्ड साजा - 8120705868, ओंकार चन्द्राकर सहायक नोडल अधिकारी विकासखण्ड खण्डसरा - 9981766897, गुलाब चंद सिन्हा सहायक नोडल अधिकारी विकासखण्ड बेरला - 9098759477, सोहित कुमार साहू सहायक नोडल अधिकारी विकासखण्ड नवागढ़ - 7089092860
अपील - आप सभी से अपील है कि इस पुनीत कार्य के लिए आगे आएं और लोगों को नेत्रदान हेतु प्रेरित करें ताकि नेत्रहीन लोगों के जीवन में रोशनी लाई जा सके।
0 टिप्पणियाँ