महाराजा अग्रसेन जयंती पर शासकीय अवकाश की घोषणा

विधायक प्रतिनिधि अजय अग्रवाल ने सीएम का जताया आभार 
बेमेतरा 21 सितंबर 2026 - छत्तीसगढ़ शासन द्वारा महाराजा अग्रसेन की जयंती पर शासकीय अवकाश घोषित किए जाने पर अग्रवाल समाज में उत्साह की लहर है। इस ऐतिहासिक निर्णय पर नगर पंचायत देवकर के विधायक प्रतिनिधि अजय अग्रवाल ने हर्ष व्यक्त करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति हार्दिक आभार और धन्यवाद ज्ञापित किया है। 

महाराजा अग्रसेन आराध्य देव के साथ हैं युग पुरुष 
इस विषय पर जानकारी देते हुए विधायक प्रतिनिधि अजय अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन अग्रवाल समाज के आराध्य देव होने के साथ-साथ एक महान युग पुरुष भी हैं। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज को समानता, सेवा, सहयोग, सामाजिक समरसता और लोक कल्याण का मार्ग दिखाने में समर्पित कर दिया। उनके द्वारा स्थापित किए गए उच्च आदर्श और विचार आज भी पूरे समाज के लिए एक सशक्त प्रेरणास्रोत हैं। 

'एक ईंट और एक रुपया' की व्यवस्था का किया स्मरण 
विधायक प्रतिनिधी श्री अग्रवाल ने महाराजा अग्रसेन की महान और दूरदर्शी सामाजिक व्यवस्था 'एक ईंट और एक रुपया' का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था परस्पर सहयोग, निःस्वार्थ सेवा और जरूरतमंद परिवारों के आर्थिक व सामाजिक उत्थान का एक अद्भुत प्रतीक रही है। इसी व्यवस्था के माध्यम से महाराजा अग्रसेन ने समाज को यह संदेश दिया था कि प्रत्येक व्यक्ति को एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनना चाहिए और हरसंभव मदद करनी चाहिए। 

महान विचारों और सामाजिक योगदान का हुआ सम्मान 
विधायक प्रतिनिधी अजय अग्रवाल ने शासन के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि महाराजा अग्रसेन जयंती पर शासकीय अवकाश की घोषणा वास्तव में उनके महान विचारों, जीवन आदर्शों और उनके अप्रतिम सामाजिक योगदान को मिला सच्चा सम्मान है। मुख्यमंत्री के इस फैसले से पूरे अग्रवाल समाज में भारी हर्ष और उल्लास का वातावरण निर्मित हो गया है। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ