जेवरा में शिक्षक सम्मान समारोह के साथ स्वास्थ्य, रक्तदान एवं नेत्रदान शिविर आयोजित
बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला सहित जनप्रतिनिधि हुए शामिल
बेमेतरा 06 सितंबर 2026 - जिला व विधानसभा के ग्राम जेवरा में शिक्षक दिवस एवं भारत के महान दार्शनिक और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक सम्मान समारोह, निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं चिकित्सा शिविर, रक्तदान शिविर तथा नेत्रदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ बिलासपुर संभाग के डॉ. शिवेंद्र त्रिपाठी ने अपने जन्मदिन के अवसर पर किया। डॉ. त्रिपाठी प्रतिवर्ष अपने जन्मदिन पर सामाजिक एवं चिकित्सीय सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करते हैं।
विधायक हुए शामिल
कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि तथा बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शिक्षकों का सम्मान
इस दौरान क्षेत्र के सेवानिवृत्त एवं कार्यरत शिक्षकों का शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया। अतिथियों ने शिक्षकों से आशीर्वाद लेते हुए समाज एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।
सेवा के माध्यम से जन्मदिन मनाना प्रेरणादायी
बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती और शिक्षक दिवस के अवसर पर गुरुजनों का सम्मान करना हमारी गौरवशाली परंपरा है। डॉ. शिवेंद्र त्रिपाठी द्वारा अपने जन्मदिन के अवसर पर प्रतिवर्ष शिक्षकों का सम्मान करने के साथ स्वास्थ्य, रक्तदान एवं नेत्रदान जैसे जनसेवा के शिविर आयोजित करना समाज के लिए प्रेरणादायी पहल है। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व और भविष्य का निर्माण भी करते हैं। विधायक ने सभी गुरुजनों के चरणों में नमन करते हुए उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।
शिक्षा और सेवा समाज की सबसे बड़ी ताकत
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण की आधारशिला होते हैं। उनके ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन से पीढ़ियां तैयार होती हैं। शिक्षक दिवस के अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान करना उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक सुंदर माध्यम है। उन्होंने कहा कि इसके साथ स्वास्थ्य परामर्श, रक्तदान और नेत्रदान जैसे जनसेवा के कार्यों का आयोजन कार्यक्रम को और अधिक सार्थक बनाता है। उन्होंने डॉ. शिवेंद्र त्रिपाठी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए सेवा कार्यों के लिए बधाई दी।
गुरुजनों का आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी
आयोजक डॉ. शिवेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षक दिवस के दिन ही उनका जन्मदिन आता है। एक चिकित्सक होने के नाते सेवा करना उनका परम धर्म है। उन्होंने कहा कि आज वे जिस भी मुकाम पर हैं, उसमें उनके गुरुजनों का महत्वपूर्ण योगदान है। इसलिए अपने जन्मदिन पर गुरुजनों का सम्मान करने के साथ स्वास्थ्य सेवा, रक्तदान एवं नेत्रदान जैसे सामाजिक कार्य करना उन्हें आत्मिक संतुष्टि देता है। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और लोगों को रक्तदान एवं नेत्रदान के प्रति जागरूक करना आगे भी जारी रहेगा।
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श लिया तथा अपनी जांच कराई। वहीं रक्तदान शिविर में युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए अपना योगदान दिया। नेत्रदान शिविर के माध्यम से भी लोगों को नेत्रदान के महत्व एवं इसके माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में रोशनी लाने के लिए जागरूक किया गया। शिविर में उपस्थित लोगों ने जनसेवा से जुड़े इन प्रयासों की सराहना की।
आयोजन में रहीं इनकी उपस्थिति
इस अवसर पर रजक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद रजक, ललित मिश्रा राष्ट्रीय अध्यक्ष ब्राह्मण समाज, डॉ. निर्मल अग्रवाल पूर्व सदस्य शिक्षक आयोग, डॉ. सविता मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, संध्या परगनिया प्रदेश मंत्री भाजपा, राजेंद्र शर्मा रायपुर प्रभारी, उदय भास्कर सेवानिवृत्त शिक्षक, डॉ. शिरीष शर्मा जिला अध्यक्ष सर्व ब्राह्मण समाज, नीतू कोठारी, प्रबल सिंह ठाकुर, सिलिक, विकास धर दीवान, महेश साहू, युगल देवांगन, गोलू कोशले, जितेंद्र साहू, राजू देवांगन सहित समस्त भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आभार - कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, रक्तदाताओं, नेत्रदान के लिए प्रेरित होने वाले नागरिकों, चिकित्सकों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
0 टिप्पणियाँ