मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोगों को प्रदेशव्यापी "साइबर जागृति अभियान" से जुड़ने का किया आह्वान

बेमेतरा में साइबर क्राइम के विरुद्ध छत्तीसगढ़ पुलिस का प्रदेशव्यापी “साइबर जागृति अभियान” जारी, बेसिक स्कूल मैदान बेमेतरा में गूंजा साइबर सुरक्षा का संदेश 

शिक्षक सम्मान समारोह एवं विकास कार्यों का भूमिपूजन शिलान्यास व लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जागरूकता अभियान शिविर में हुए शामिल 
बेमेतरा 13 सितंबर 2026 - प्रदेशवासियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक एवं सुरक्षित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक “साइबर जागृति अभियान” का प्रदेशव्यापी आयोजन किया जा रहा है। देश की आजादी की भावना से प्रेरित यह अभियान साइबर अपराध के विरुद्ध जनभागीदारी के माध्यम से व्यापक जागरूकता फैलाने तथा छत्तीसगढ़ को साइबर अपराध से सुरक्षित बनाने की दिशा में एक अभिनव पहल है। 

“साइबर जागृति अभियान” का सभी जिलों में संचालन 
“साइबर जागृति अभियान” का प्रदेश स्तरीय शुभारंभ राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा द्वारा किया गया। प्रदेश स्तरीय शुभारंभ के साथ ही अभियान को प्रदेश के सभी जिलों में जिला स्तर पर व्यापक रूप से संचालित किया जा रहा है। 

मुख्यमंत्री ने किया अभियान से जुड़ने का आह्वान 
इसी क्रम में आज 13 सितम्बर 2026 को बेमेतरा जिले के जिला मुख्यालय के बेसिक स्कुल मैदान में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह एवं विकास कार्यों का भूमि पूजन शिलान्यास व लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि विष्णुदेव साय मुख्यमंत्री छग शासन के द्वारा छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 02 अक्टूबर तक चलाए जा रहे "साइबर जागृति अभियान" के अंतर्गत आम नागरिकों को इस विशेष अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। 
  उन्होंने कहा कि जिस प्रकार देश की आजादी के लिए करोड़ों देशवासी एकजुट हुए थे, उसी प्रकार साइबर अपराध के विरुद्ध भी समाज के प्रत्येक वर्ग को एकजुट होकर जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना होगा। उन्होंने आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित जनसमुदाय से साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने तथा समाज में साइबर जागरूकता फैलाने की अपील की। 

थीम - “साइबर जागृति की एक सेल्फी” 
“साइबर जागृति अभियान” की मुख्य थीम “साइबर जागृति की एक सेल्फी” है। अभियान के अंतर्गत नागरिक छत्तीसगढ़ पुलिस एवं जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स पर जारी लिंक को क्लिक कर अथवा QR कोड को स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली “सेल्फी फ्रेम” में अपनी सेल्फी लेकर उसे अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर पोस्ट एवं शेयर करेंगे। 

सोशल मीडिया पर साझा बना व्यापक पहुंच 
प्रदेशभर के लाखों नागरिकों द्वारा इस सेल्फी फ्रेम को सोशल मीडिया पर साझा किए जाने से साइबर अपराध के प्रति जागरूकता का संदेश उनके मित्रों, फॉलोअर्स एवं अन्य नागरिकों तक पहुंचेगा। इस प्रकार सोशल मीडिया की व्यापक पहुंच का उपयोग करते हुए साइबर सुरक्षा के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाएगा। 

अपील - मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जन समुदाय से अपील करते हुए कहा कि साइबर अपराध के विरुद्ध लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी नागरिक जागरूक रहें, डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करें, अनजान लिंक एवं संदिग्ध कॉल से सावधान रहें तथा OTP, PIN एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित पुलिस थाना अथवा साइबर हेल्पलाइन 1930 को दें। 

“जागरूक बनें, सुरक्षित रहें - साइबर अपराध के विरुद्ध एकजुट हों।” 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ