“साइबर जागृति अभियान” अंतर्गत पांचवे सप्ताह में बेसिक स्कूल मैदान बेमेतरा में आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
“साइबर सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने बेमेतरा पुलिस की विशेष अभियान जारी
बेमेतरा 13 सितंबर 2026 - साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आम नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशव्यापी “साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है। अभियान के तहत प्रत्येक सप्ताह अलग-अलग वर्गों को लक्षित कर साइबर अपराधों से बचाव एवं डिजिटल सुरक्षा के संबंध में जागरूक किया जा रहा है।
समारोह में दी गई साइबर जागरूकता संबंधी जानकारी
इसी क्रम में आज दिनांक 13.09.2026 को पुलिस अधीक्षक बेमेतरा त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भुषण एक्का, एसडीओपी बेरला श्रीमती रूचि वर्मा के मार्गदर्शन में बेमेतरा पुलिस टीम द्वारा शिक्षक सम्मान समारोह एवं विकास कार्यों का भूमि पूजन शिलान्यास व लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।
स्मार्टफोन, बैंकिंग और सोशल मीडिया एप का सुरक्षित उपयोग
अभियान के दौरान आम नागरिकों को स्मार्टफोन की प्राइवेसी सेटिंग्स को सुरक्षित रखने, सुरक्षित तरीके से इंटरनेट का उपयोग करने, सोशल मीडिया अकाउंट को मजबूत पासवर्ड एवं अन्य सुरक्षा उपायों से सुरक्षित रखने की जानकारी दी। इसके साथ ही संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, फर्जी वेबसाइटों की पहचान करने, व्यक्तिगत एवं गोपनीय जानकारी अनजान व्यक्तियों के साथ साझा नहीं करने तथा ऑनलाइन ठगी एवं साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में आवश्यक सावधानियां बताई गई।
गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी को ना दें
इसके अलावा OTP, ATM/डेबिट कार्ड संबंधी जानकारी, बैंक खाता विवरण, UPI PIN, पासवर्ड एवं अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी गई। किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान व्यक्ति के कहने पर स्क्रीन शेयर करने अथवा किसी खाते में राशि ट्रांसफर करने से भी बचने की सलाह दी गई। किसी परिचित/दोस्त के नाम से पैसे मांगने पर पहले व्यक्तिगत रूप से बात करके पुष्टि करें । किसी अनजान व्यक्ति या वेबसाइड को अपनी व्यक्तिगत जानकारी न दें।
मैं जागरूक हूँ, आप भी जागरूक बनें
छत्तीसगढ़ पुलिस के “साइबर जागृति अभियान” से जुड़ें और साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में अपनी भागीदारी निभाएं। अभियान से जुड़ने के लिए cgpolice- cyberjaagrutiabhiyaan.com पर क्लिक करें अथवा अपनी साइबर जागरूकता सेल्फी वाले फ्रेम में दिए गए QR कोड को स्कैन कर सेल्फी लें और उसे अपने सोशल मीडिया पर शेयर करें।
सेल्फी लेकर उसे सोशल मीडिया में डालें
बेमेतरा पुलिस टीम ने सभी से अपील करते हुए कहा कि दिए गए QR code को स्कैन कर अथवा link पर क्लिक कर अपनी सेल्फी लेकर उसे अपने सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जरूर अपलोड करे जिससे अधिक से अधिक लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया जा सके, आप का यह छोटा सा प्रयास निश्चित ही सायबर अपराधों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अपील - बेमेतरा पुलिस द्वारा अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी अथवा ऑनलाइन अपराध का शिकार होने पर घबराएं नहीं, तत्काल इसकी सूचना संबंधित पुलिस थाना/साइबर सेल को दें तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या Nationl Cyber Crime Reporting Portal पर ऑनलाईन शिकायत दर्ज करें। ताकि ठगी गई राशि को रोकने एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए समय पर प्रयास किया जा सके।
इस अवसर पर जन प्रतिनिधि, जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी तथा शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।
0 टिप्पणियाँ