सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता को लेकर की पहल, व्यापारियों एवं वार्डवासियों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील
बेमेतरा 26 सितंबर 2026 - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बेमेतरा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 19 में स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पार्षद सिमरन ताम्रकार द्वारा विशेष पहल की गई। उन्होंने अपने पार्षद निधि से वार्ड के विभिन्न प्रमुख बाजार क्षेत्रों में व्यापारियों एवं वार्डवासियों को डस्टबिन का वितरण किया।
वार्ड क्षेत्र में डस्टबिन वितरण
इस दौरान सदर रोड, बाजार पारा एवं शीतला मंदिर रोड क्षेत्र में दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को डस्टबिन वितरित कर उन्हें अपने-अपने प्रतिष्ठानों तथा आसपास के क्षेत्र में कचरा निर्धारित डस्टबिन में डालने के लिए प्रेरित किया गया।
अपील - पार्षद ने व्यापारियों से अपील की कि वे दुकानों से निकलने वाले कचरे को सड़क अथवा सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में नगर पालिका का सहयोग करें।
स्वच्छ वार्ड के लिए जनभागीदारी जरूरी : सिमरन ताम्रकार
इस अवसर पर पार्षद सिमरन ताम्रकार ने कहा कि “स्वच्छता केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हम सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमारा वार्ड स्वच्छ और सुंदर रहे, इसके लिए प्रत्येक व्यापारी और वार्डवासी को अपनी भूमिका निभानी होगी। इसी उद्देश्य से पार्षद निधि से डस्टबिन का वितरण किया गया है। मेरा सभी व्यापारियों एवं वार्डवासियों से आग्रह है कि कचरा इधर-उधर न फेंकें और डस्टबिन का नियमित उपयोग करें। जब जनभागीदारी के साथ हम स्वच्छता को अपनी आदत बनाएंगे, तभी हमारा वार्ड और पूरा बेमेतरा स्वच्छ एवं सुंदर बनेगा।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चलाया जा रहा सेवा संकल्प अभियान सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने वार्ड के नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया।
वितरण में रहें शामिल
इस दौरान पार्षद सिमरन ताम्रकार, घनश्याम ताम्रकार पूर्व पार्षद, कुलेश्वर चौहान स्वच्छता प्रभारी, प्रदीप राजपूत, चंद्र प्रकाश कोशले, धनराज चौहान, दीपक चौहान, मुकेश पाल एवं कुलेश्वर साहू सहित वार्डवासी एवं व्यापारीगण उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ