अफवाहों पर ध्यान न दें और लक्षण दिखने पर तुरंत करें स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क - सीएचएमओ डॉ अमृतलाल रोहलेडर

स्वाइन फ्लू से बचाव हेतु सावधानी जरूरी - कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने जारी की अपील 
बेमेतरा 07 सितम्बर 2026 - बेमेतरा कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशन पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर के मार्गदर्शन में स्वाइन फ्लू के रोकथाम एवं बचाव हेतु स्वास्थ्य विभाग जिला बेमेतरा के सभी ब्लॉक एलर्ट, साथ में आमजनों से सावधानी बरतने अपील की गई है। 

स्वाइन फ्लू 
स्वाइन फ्लू (Seasonal Influenza A-H1N1) श्वसन तंत्र का संक्रमण है, जो मनुष्यों में इन्फ्लुएंजा वायरस H1N1 के कारण होता है। इसमें सर्दी, खांसी, बुखार, गले में खराश, बदन दर्द, थकावट तथा कभी-कभी दस्त व उल्टी जैसे लक्षण होते हैं। संक्रमित व्यक्ति सामान्यतः एक सप्ताह के भीतर सामान्य उपचार से स्वस्थ हो जाता है, परंतु उच्च जोखिम वाले व्यक्तियों जैसे गर्भवती महिलाएं, पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चे, 65 वर्ष से अधिक उम्र के वृद्धजन एवं अन्य गंभीर रोगों से ग्रसित व्यक्तियों में इस संक्रमण से जटिलताएं होने की संभावना अधिक रहती है।

स्वाइन फ्लू से बचाव हेतु अपील - 
1.भीड़-भाड़ वाले स्थानों में जाने से बचें तथा मास्क का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। 
2.हाथों को साबुन से बार-बार धोएं, चेहरे को छूने से पहले हाथों को सैनिटाइजर से सैनिटाइज करें। 
3.स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल अपने नजदीकी शासकीय अस्पताल में जाकर निःशुल्क परामर्श एवं इलाज कराएं। 
4.केवल कैटेगरी 'सी' के मरीजों जैसे - कोमॉर्बिड मरीज/अस्पताल में भर्ती मरीजों की ही स्वाइन फ्लू जांच की जानी है। 
5.जांच रिपोर्ट आने तक स्वयं को आइसोलेट रखें। स्वाइन फ्लू पॉजिटिव आने पर स्वास्थ्य विभाग के प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा। 

        मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने आमजनों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और लक्षण दिखने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ