पशुओं की सुरक्षा, देखभाल और रक्षा करना सरकार के साथ सभी नागरिकों की जिम्मेदारी - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई

पशुओं के अवैध परिवहन, तस्करी पर तत्काल की जाएगी कठोर वैधानिक कार्यवाही - एसपी त्रिलोक बंसल 

कलेक्टर, एसपी ने ली पशु क्रूरता निवारण समिति की बैठक, सुरक्षा, स्वास्थ्य और रक्षा पर विशेष जोर, अधिनियम का उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई का निर्णय 
बेमेतरा 29 सितंबर2026 - जिला स्तरीय पशु क्रूरता निवारण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं एवं पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल की संयुक्त अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिले में पशुओं के संरक्षण, सुरक्षा एवं उनके अधिकारों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

पशुओं की सुरक्षा, देखभाल और रक्षा करना सरकार के साथ सभी नागरिकों की जिम्मेदारी 
बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर सुश्री ममगाईं ने कहा कि पशु हमारे पर्यावरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार हैं। उनकी सुरक्षा, उचित देखभाल और जीवन रक्षा करना केवल सरकार की ही नहीं, बल्कि हम सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने पशुधन विकास विभाग को निर्देशित किया कि जिले में संचालित सभी गौशालाओं, कांजी हाउस और पशु आश्रय स्थलों का नियमित निरीक्षण किया जाए, वहां चारा, पानी और चिकित्सा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित हो। 

अवैध परिवहन, तस्करी पर कठोर वैधानिक कार्यवाही 
पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने कहा कि जिले में पशुओं के अवैध परिवहन, तस्करी और क्रूरता की घटनाओं पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जाएगा। सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के प्रावधानों के तहत प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करें। अधिनियम का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों पर नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। 

विशेष जागरूकता अभियान 
बैठक में निर्णय लिया गया कि स्कूली बच्चों और आम नागरिकों में पशुओं के प्रति संवेदनशीलता और जागरूकता लाने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा समय-समय पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। 

बैठक में रहे उपस्थित 
बैठक में उप संचालक पशु चिकित्सा, नगर पालिका अधिकारी, परिवहन अधिकारी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ