बेमेतरा पुलिस ने बेरिकेडिंग कर लोगों से सतर्क रहने एवं वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की
बेमेतरा 26 सितम्बर 2026 - जिले में हो रही लगातार एवं अत्यधिक वर्षा के कारण शिवनाथ नदी सहित विभिन्न नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। कई स्थानों पर नदी-नाले उफान पर होने के कारण आवागमन प्रभावित हुआ है तथा सुरक्षा की दृष्टि से कुछ मार्गों पर आवागमन बंद किया गया है।
दोनों ओर बेरिकेडिंग के साथ अपील
स्थिति को देखते हुए जिले के पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भुषण एक्का, एसडीओपी बेरला श्रीमती रूचि वर्मा, डीएसपी श्रीमती कौशिल्या साहू, श्रीमती शशी कला उईके के मार्गदर्शन में बेमेतरा पुलिस द्वारा प्रभावित मार्गों पर सड़क के दोनों ओर बेरिकेडिंग की गई है।बेमेतरा पुलिस द्वारा आम नागरिकों एवं वाहन चालकों को प्रभावित मार्गों पर आगे नहीं बढ़ने तथा अपनी सुरक्षा के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की जा रही है।
जिलें के प्रभावित मार्ग
जलस्तर बढ़ने से प्रभावित प्रमुख मार्गों में बेमेतरा-दुर्ग मुख्य मार्ग स्थित समोदा नाला, बेरला-रायपुर मार्ग पर पठारीडी के पास खारुन नदी, साजा-थान खम्हरिया मार्ग पर नकटा नाला, रौद्रा-बगलेड़ी मार्ग पर डोटू नाला, देवकर-जालबांधा मार्ग, थान खम्हरिया-सिल्हाटी मार्ग, बोरतरा-परपोड़ी मार्ग पर सुरही नदी से जुड़ा मार्ग तथा नवागढ़-भाठापारा मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा जिले के अन्य नदी-नालों में भी जलस्तर बढ़ने की स्थिति बनी हुई है।
प्रशासन का सावधानी बरतने आह्वान
बेमेतरा पुलिस एवं जिला प्रशासन द्वारानदी-नालों के आसपास बढ़ते जलस्तर को देखते हुए आम नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने का आह्वान किया गया है। बेमेतरा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जलभराव वाले मार्गों, पुल-पुलियों एवं नदी-नालों को पार करने का जोखिम न उठाएं तथा प्रशासन एवं पुलिस द्वारा लगाए गए बेरिकेड्स एवं सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
0 टिप्पणियाँ