अछोली (बेरला) में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ हुआ भोजली विसर्जन

बालिकाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया भोजली का विसर्जन, बड़ी संख्या में ग्रामीण हुए शामिल 
बेमेतरा 05 सितंबर 2026 - बेमेतरा जिले के बेरला ब्लाक के ग्राम अछोली में समस्त ग्रामवासियों के सहयोग एवं बालिकाओं की सहभागिता से भोजली पर्व का श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजन किया गया। ग्राम की बालिकाओं द्वारा विधिवत भोजली रखी गई थी, जिसका आज पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं भक्तिभाव के साथ विसर्जन समारोह आयोजित किया गया। 

विसर्जन से गांव में उत्सव एवं धार्मिक माहौल 
ग्राम अछोली में भोजली विसर्जन के लिए बालिकाएं एवं ग्रामीणजन उत्साहपूर्वक एकत्रित हुए और पारंपरिक गीतों एवं जयकारों के साथ भोजली को ग्राम के महाकालेश्वर मंदिर स्थित तालाब तक ले जाया गया। यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के पश्चात भोजली का विसर्जन किया गया। इस दौरान पूरे गांव में उत्सव एवं धार्मिक माहौल बना रहा। 

भोजली लोक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा 
इस अवसर पर युवा नेता लोमेश सेन ने ग्रामीणों एवं बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भोजली छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपरा और हमारी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजन हमारी आने वाली पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम की बालिकाओं द्वारा भोजली पर्व को जिस उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया, वह निश्चित रूप से सराहनीय है। हम सभी का दायित्व है कि अपनी लोक संस्कृति एवं परंपराओं को संरक्षित रखते हुए इसे आगे की पीढ़ियों तक पहुंचाएं। 
     उन्होंने समस्त ग्रामवासियों को भोजली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्राम अछोली में आपसी भाईचारा, प्रेम और एकता हमेशा बनी रहे तथा गांव निरंतर विकास की ओर आगे बढ़े, यही हम सभी की कामना है। 

एकता और सामाजिक समरसता को मजबूती 
समस्त ग्रामवासियों ने भी भोजली पर्व के सफल आयोजन के लिए बालिकाओं एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे पारंपरिक आयोजन गांव की एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं तथा युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

आयोजन में ग्रामवासियों की सहभागिता 
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामवासी, महिलाएं, बालिकाएं एवं युवा उपस्थित रहे और उत्साहपूर्वक भोजली विसर्जन समारोह में सहभागिता निभाई। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ