डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल जांता में हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस
शिक्षकों के सम्मान में आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम, स्मृति-चिह्न देकर किया सम्मानित
बेमेतरा 05 सितंबर 2026 - डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल जांता में शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षकों को उनके समर्पण, मार्गदर्शन एवं शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
दीप प्रज्वलन से शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर तिलक लगाया गया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. राधाकृष्णन के शिक्षा एवं शिक्षक समाज के प्रति योगदान को स्मरण किया गया।
एक शिक्षक विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य को भी दिशा देने का कार्य
विद्यालय के प्राचार्य पीएल जायसवाल ने शिक्षक दिवस के अवसर पर अपने प्रेरणादायी संबोधन में शिक्षकों की भूमिका को समाज एवं राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए कहा कि एक शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान ही नहीं देता, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य को दिशा देने का कार्य भी करता है।
जीवन का अनुभव साझा
इसके पश्चात विद्यालय के शिक्षकों ने अपने शिक्षण अनुभव, विद्यार्थियों के साथ बिताए यादगार क्षणों तथा अपने शिक्षक जीवन से जुड़े अनुभव साझा किए। शिक्षकों ने बताया कि विद्यार्थियों की सफलता और उनके व्यक्तित्व में सकारात्मक बदलाव ही एक शिक्षक के लिए सबसे बड़ा सम्मान है।
सम्मानित और महत्वपूर्ण योगदान
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के सभी शिक्षकों को स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं कार्यक्रम के लिए कक्षा-कक्ष को आकर्षक एवं मनमोहक ढंग से सजाया गया था, जिससे पूरे आयोजन में उत्सव और आत्मीयता का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम ने शिक्षकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और उनके महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित करते हुए सभी के मन में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार किया।
0 टिप्पणियाँ