सोनपुरी फुल बाड़ी फार्म हाउस में फंसे 09 लोगों को पुलिस एवं जिला आपदा प्रबंधन की टीम ने सुरक्षित निकाला

बेमेतरा पुलिस की अपील - अफवाहों पर ध्यान न दें तथा नदी-नालों के किनारे जाने से बचें, किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा पुलिस को दें सूचना 
बेमेतरा 28 सितंबर 2026 - जिले में लगातार हो रही अत्यधिक बारिश के कारण शिवनाथ नदी सहित विभिन्न नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। कई स्थानों पर नदी-नाले उफान पर होने से आवागमन प्रभावित हुआ है तथा निचली बस्तियों में बाढ़ जैसे हालात निर्मित हुए हैं। बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन एवं बेमेतरा पुलिस द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी रखते हुए स्थिति की सतत निगरानी की जा रही है। 
     जिले के कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं एवं पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भुषण एक्का, एसडीओपी बेरला श्रीमती रूचि वर्मा, डीएसपी श्रीमती कौशिल्या साहू, श्रीमती शशिकला उईके के मार्गदर्शन में बेमेतरा पुलिस एवं जिला प्रशासन पूरी सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। बेमेतरा पुलिस एवं जिला आपदा प्रबंधन की संयुक्त टीमें प्रभावित क्षेत्रों में मुस्तैदी से कार्य कर रही हैं। 

सोनपुरी में 09 लोगों का रेस्क्यू 
इसी क्रम में ग्राम पौसरी-सोनपुरी में शिवनाथ नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच फुल बाड़ी फार्म हाउस सोनपुरी में टापू पर फंसे 09 व्यक्तियों को बेमेतरा पुलिस एवं जिला आपदा प्रबंधन की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला। सभी को सुरक्षार्थ शासकीय प्राथमिक शाला पौसरी में ठहराया गया है। बाढ़ प्रभावित ग्रामों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों एवं राहत शिविरों तक पहुंचाने का कार्य लगातार जारी है। 

राहत एवं बचाव दल में शामिल 
राहत एवं बचाव कार्य के दौरान प्रधान आरक्षक विक्रम सिंह, आरक्षक भूषण राजपूत एवं आरक्षक अमित यादव तथा जिला आपदा प्रबंधन टीम से उप निरीक्षक अखिलेश परासर, हवलदार राजेश पांडेय, जवान मुलचंद लहरे, चंद्रकेश्वर साहू, चुरावन लाल, मिथलेश कुर्रे, रूपेश बंजारे, बलदाउ सिंह, लवकुश, दौलतराम, वरुण कुमार एवं अन्य स्टाफ शामिल रहे। 

मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था 
बेमेतरा पुलिस द्वारा बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। कई स्थानों पर सड़क के दोनों ओर बेरिकेडिंग कर आवागमन प्रतिबंधित किया गया है। वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को प्रभावित मार्गों पर आगे नहीं बढ़ने तथा आवश्यकता के अनुसार वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की समझाइश दी जा रही है। 

अपील - बेमेतरा पुलिस ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि जलभराव वाले मार्गों, पुल-पुलियों एवं नदी-नालों को पार करने का जोखिम न उठाएं। पानी का बहाव कम दिखाई देने पर भी नदी, नाले अथवा पुल-पुलिया को पार करने का प्रयास न करें। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा लगाए गए बेरिकेड्स तथा सुरक्षा निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। 

अपील - पुलिस ने नागरिकों से यह भी अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें तथा नदी-नालों के किनारे जाने से बचें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा पुलिस को सूचना दें। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ