डीएवी स्कूल जांता में देशभक्ति के उल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

डीएवी स्कूल के विद्यार्थीयों ने विभिन्न खेलों में जीते 180 अवॉर्ड, सभी का हुआ सम्मान 
बेमेतरा 15 अगस्त 2026 - क्षेत्र के प्रतिष्ठित सीबीएसई विद्यालय डीएवी स्कूल जांता में स्वतंत्रता दिवस समारोह अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूजा देवव्रत मिश्रा सरपंच ग्राम पंचायत जांता, सरपंच प्रतिनिधि देवव्रत मिश्रा, पंच हीरालाल चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में पालकगण उपस्थित रहे। 

प्राचार्य ने किया ध्वजारोहण 
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों के साथ विद्यालय के प्राचार्य पीएल जायसवाल द्वारा ध्वजारोहण किया गया। तिरंगे को सलामी देने के पश्चात राष्ट्रगान की सामूहिक प्रस्तुति से संपूर्ण विद्यालय परिसर देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत हो उठा। विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमुदाय ने उत्साहपूर्वक ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ एवं ‘जय हिंद’ के उद्घोष किए। 
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं भावभीनी श्रद्धांजलि 
समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत, ओजपूर्ण भाषण, कविता-पाठ, नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों एवं राष्ट्रनायकों के त्याग, तपस्या, साहस और बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देश के प्रति समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई। विशेष रूप से नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने अतिथियों एवं पालकों को भावविभोर कर दिया। 

आकर्षक सजावट 
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर को तिरंगे ध्वजों, गुब्बारों, पुष्पों एवं आकर्षक सजावट से भव्य रूप प्रदान किया गया था। परिसर में चारों ओर लहराता तिरंगा राष्ट्रीय गौरव एवं स्वतंत्रता की भावना को अभिव्यक्त कर रहा था। 

स्वतंत्रता हमें अधिकारों के साथ कराती हैं कर्तव्यों का बोध  
अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में विद्यालय के प्राचार्य पीएल जायसवाल ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष एवं बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध भी कराती है। विद्यार्थियों को अनुशासन, ईमानदारी, जिम्मेदारी एवं नैतिक मूल्यों को जीवन में आत्मसात करते हुए देश के विकास में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया। 

सराहना एवं प्रेरित 
मुख्य अतिथि एवं उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने भी विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्रहित एवं समाजहित में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन एवं राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने के प्रयासों की प्रशंसा की। 

खेलों में जीते 180 अवॉर्ड 
साथ ही जानकारी साझा करते हुए बताए कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने अनेक उपलब्धि हसिल कर रहें हैं जिसमें बच्चे अभी तक राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्टार पर 180 अवॉर्ड विद्यालय के बच्चों ने अपने नाम कर लिए हैं अभी सजीएफआई से मान्यता प्राप्त खेल में व डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स के तहत विद्यालय के कुल चार टीम अंडर 14 बालक- बालिका एवं अंडर 17 बालक - बालिका कबड्डी विनर बनकर उनका चयन हुआ है। नवाचार के तहत चेन्नई में आयोजित यंग साइंटिस्ट इंडिया व स्पेस किट्स इंडिया ग्रैंड फिनाले प्रोग्राम में 23 अगस्त को आयोजित में हिस्सा ले रहें हैं, नासा ओलंपियाड में अब तक 107 बच्चों ने गोल्ड मैडल हासिल किए हैं। 

वातावरण रहा देशभक्ति मय 
कार्यक्रम के समापन अवसर पर अतिथियों, पालकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं समस्त सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। तत्पश्चात विद्यार्थियों को मिठाई वितरित की गई। विद्यालय परिसर ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ एवं ‘जय हिंद’ के नारों से गुंजायमान रहा। संपूर्ण आयोजन ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ