नेवनारा निवासी डां मेघेश तिवारी भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी के हैं बड़े भाई
बेमेतरा 09 अगस्त 2026 - निजी महाविद्यालय प्राचार्य कल्याण संघ का गठन किया गया। जिसमें डॉ. मेघेश तिवारी को अध्यक्ष बनाया गया। डां मेघेश तिवारी बेमतरा विधानसभा के ग्राम पंचायत नेवनारा के निवासी हैं और भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी के बड़े भाई है, जिन्हें संघ का अध्यक्ष बनाया गया है।
समन्वय स्थापित के उद्देश्य से संघ का गठन
अध्यक्ष बनने के बाद डां मेघेश तिवारी ने बताया पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से संबद्ध निजी महाविद्यालयों के प्राचार्यों के हितों, शैक्षणिक गुणवत्ता के संवर्धन तथा विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से निजी महाविद्यालय प्राचार्य कल्याण संघ का गठन किया गया है। संघ की प्रथम बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित हुई, जिसमें उच्च शिक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
संघ का नव गठन
बैठक में सर्वसम्मति से विप्र महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मेघेश तिवारी को संघ का अध्यक्ष चुना गया। वहीं दुर्गा महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. प्रतिभा मुखर्जी साहूकार को उपाध्यक्ष तथा महंत लक्ष्मीनारायण दास महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. देवाशीष मुखर्जी को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। डॉ. यूलेन्द्र राजपूत कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए। कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में डॉ. मनोज मिश्रा, डॉ. संगीता घई, अनिल तिवारी, मनोज शर्मा, कुलदीप दुबे एवं डॉ. संध्या गुप्ता को शामिल किया गया।
नए पदाधिकारियों पर जताया विश्वास
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के निर्वाचन पर उपस्थित प्राचार्यों ने सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। प्राचार्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि संघ के नए पदाधिकारियों के नेतृत्व में निजी महाविद्यालयों की शैक्षणिक उन्नति, प्रशासनिक समन्वय तथा विभिन्न साझा विषयों के समाधान के लिए प्रभावी एवं सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे।
कार्यप्रणाली पर विचार-विमर्श
बैठक में संघ के उद्देश्यों, भावी कार्य योजना एवं संगठन की कार्यप्रणाली पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान निजी महाविद्यालयों के साझा हितों की रक्षा, शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने, राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के हितों के संरक्षण तथा संस्थानों के समग्र विकास को प्राथमिकता देने पर सहमति बनी।
नई संभावनाएं विकसित करने की दिशा में कार्य
संघ विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ सतत संवाद एवं सहयोग की भावना से कार्य करेगा। साथ ही प्राचार्यों के बीच पारस्परिक सहयोग, अनुभवों के आदान-प्रदान और समन्वित प्रयासों के माध्यम से उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाओं को विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
संघ के उद्देश्य को आगे बढ़ाने का संकल्प
नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. मेघेश तिवारी, सचिव डॉ. देवाशीष मुखर्जी सहित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने संघ के उद्देश्यों को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने तथा निजी महाविद्यालयों और उच्च शिक्षा के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष को दी बधाई
डां मेघेश तिवारी के अध्यक्ष बनने पर भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी ने जिला पंचायत कल्पना तिवारी, पीयूष शर्मा, पीयुष सिंह, ग्राम पंचायत नेवनार संरपच लोकेश साहु, अध्यक्ष मनोज तिवारी, देवेन्द्र जैन, संजय तिवारी, मनोज सिन्हा, देवलाल सिन्हा, सन्त साहू सहित प्रमुख लोगों ने बधाई दी है।
0 टिप्पणियाँ