प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) : दावा-आपत्ति आमंत्रित

आवास प्लस 2.0 की स्थायी प्रतीक्षा सूची पर 15 से 22 जुलाई तक दावा-आपत्ति आमंत्रित 
बेमेतरा 15 जुलाई 2026 - प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास प्लस 2.0 की प्रक्रिया के तहत जनपद पंचायत बेमेतरा द्वारा दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने संबंधी सूचना जारी की गई है। पंचायत संचालनालय नवा रायपुर तथा कलेक्टर कार्यालय बेमेतरा के निर्देशानुसार जनपद पंचायत अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन कर आवास सॉफ्ट जनित पीडब्ल्यूएल (PWL) ड्राफ्ट स्थायी प्रतीक्षा सूची का अनुमोदन, हितग्राहियों का प्राथमिकता निर्धारण तथा दर्ज जानकारी का सत्यापन एवं आवश्यक संशोधन किया गया है। 
  जिला पंचायत बेमेतरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेमलता पद्माकर ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति या परिवार को ग्राम सभा द्वारा लिए गए निर्णय अथवा स्थायी प्रतीक्षा सूची में दर्ज जानकारी के संबंध में कोई आपत्ति या दावा प्रस्तुत करना है, तो वह 15 जुलाई 2026 से 22 जुलाई 2026 तक कार्यालयीन समय प्रातः 10 बजे से सायं 5:30 बजे के बीच जनपद पंचायत बेमेतरा कार्यालय में निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्रस्तुत कर सकता है। उन्होंने बताया कि संबंधित आवेदक को स्वयं उपस्थित होकर अपने दावे अथवा आपत्ति के समर्थन में आवश्यक प्रमाणित दस्तावेज एवं साक्ष्य संलग्न करना अनिवार्य होगा। 
    जिला पंचायत द्वारा स्पष्ट किया गया है कि 22 जुलाई 2026 के बाद प्राप्त किसी भी दावा या आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। साथ ही, निर्धारित प्रारूप, तिथि एवं स्थान के अतिरिक्त अन्य किसी माध्यम से प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। अधिक जानकारी के लिए संबंधित ग्राम पंचायत कार्यालय अथवा जनपद पंचायत बेमेतरा कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ