कलेक्टर के निर्देश पर 13 से 18 जुलाई तक बेमेतरा जिले में विशेष एचपीवी टीकाकरण अभियान
"सुरक्षित भविष्य के लिए एचपीवी टीकाकरण अपनाएं - कैंसर से बचाव पाएं"
बेमेतरा 10 जुलाई 2026 - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर के मार्गदर्शन में जिले में 13 से 18 जुलाई 2026 तक विशेष एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की उन किशोरी बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी, जिन्होंने अपना 14 वां जन्मदिन पूरा कर लिया है, लेकिन अभी 15 वां जन्मदिन नहीं मनाया है। एचपीवी संक्रमण गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है। समय पर एचपीवी टीकाकरण कराने से भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। यह टीका पूरी तरह सुरक्षित, प्रभावी एवं वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है, जिसे विश्वभर में करोड़ों लोगों को लगाया जा चुका है।
अभियान के दौरान जिला चिकित्सालय बेमेतरा, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों (सीएचसी) तथा कोल्ड चेन प्वाइंट वाले सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों (पीएचसी) में विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिले के सभी अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों एवं स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा आवश्यक सहयोग प्रदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि एचपीवी टीकाकरण गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक प्रभावी एवं महत्वपूर्ण कदम है। सभी पात्र बालिकाओं का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपनी 14 वर्ष पूर्ण एवं 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं को 13 से 18 जुलाई के बीच निकटतम शासकीय टीकाकरण केन्द्र में अवश्य लेकर आएं और इस निःशुल्क सुविधा का लाभ दिलाएं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। सभी टीकाकरण केन्द्रों पर प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी, पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन तथा आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने जिले के नागरिकों से विशेष अभियान में सक्रिय सहयोग करने और प्रत्येक पात्र किशोरी का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराने की अपील की। आइए, एचपीवी टीकाकरण अपनाकर आने वाली पीढ़ी को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित बनाने में अपनी सहभागिता निभाएं।
0 टिप्पणियाँ