डीएवी में मिली मजबूत नींव, सगे भाई-बहन ने रचा सफलता का इतिहास
बेमेतरा 04 जुलाई 2026 - डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल जांता के लिए यह अत्यंत गौरव और हर्ष का विषय है कि विद्यालय के पूर्व छात्र-छात्रा सगे भाई-बहन ने अपनी प्रतिभा और परिश्रम से जिले एवं विद्यालय का नाम रोशन किया है।
विद्यालय की पूर्व छात्रा पलक महेश्वरी ने सीए फाउंडेशन परीक्षा-2026 में शानदार सफलता प्राप्त करते हुए जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है, वहीं उनके सगे भाई वेदांश महेश्वरी का चयन देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान आईआईटी रुड़की में हुआ है।
दोनों भाई-बहनों की इस सफलता के पीछे डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल जांता में प्राप्त मजबूत शैक्षणिक नींव और संस्कारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। विद्यालय में अध्ययन के दौरान ही दोनों विद्यार्थियों ने अपनी मेधावी प्रतिभा का परिचय दिया था और विद्यालय तथा जिले के टॉपर के रूप में पहचान बनाई थी। डीएवी में मिली गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, शिक्षकों का मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन ने उनके भविष्य की मजबूत आधारशिला तैयार की, जिसका परिणाम आज राष्ट्रीय स्तर पर उनकी इस बड़ी उपलब्धि के रूप में सामने आया है।
डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल जांता अपने उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक शिक्षण पद्धति, नैतिक मूल्यों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए क्षेत्र में विशेष पहचान रखता है। विद्यालय विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रखता, बल्कि उन्हें जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करता है। यही कारण है कि यहां अध्ययन करने वाले विद्यार्थी लगातार बोर्ड परीक्षाओं एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता अर्जित कर रहे हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य पीएल जायसवाल ने कहा पलक महेश्वरी और उनके भाई वेदांश की सफलता हम सभी के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। दोनों विद्यार्थियों ने डीएवी में अध्ययन के दौरान जो मजबूत शैक्षणिक आधार प्राप्त किया, उसी के बल पर उन्होंने आज यह मुकाम हासिल किया है। यह उपलब्धि बताती है कि सही मार्गदर्शन, अनुशासन और कठिन परिश्रम से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। हमें विश्वास है कि हमारे विद्यार्थी आगे भी विद्यालय, जिले और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करते रहेंगे।
विद्यालय परिवार ने दोनों पूर्व छात्र-छात्रा को उनकी इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह सफलता एक बार फिर सिद्ध करती है कि डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल जांता अपने विद्यार्थियों को मजबूत शैक्षणिक आधार प्रदान कर उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का सशक्त मंच है।
0 टिप्पणियाँ