भूमि के नंबरदार के साथ-साथ सभी हिस्सेदार भी तत्काल कराएं एग्रीस्टैक पंजीयन
बेमेतरा 17 जुलाई 2026 - जिले में किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं का निर्बाध लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशानुसार एग्रीस्टैक परियोजना के अंतर्गत कृषकों का पंजीयन अभियान तेजी से संचालित किया जा रहा है। जिले में अब तक 1.72 लाख से अधिक कृषकों का सफलतापूर्वक पंजीयन कर उनकी एग्रीस्टैक किसान आईडी तैयार की जा चुकी है।
जिला प्रशासन ने सभी भूमि स्वामियों एवं भूमि के हिस्सेदारों से अपील की है कि वे बिना विलंब अपने निकटतम चॉइस सेंटर, सहकारी समिति अथवा निर्धारित पंजीयन केंद्र में पहुंचकर एग्रीस्टैक पोर्टल पर अपना पंजीयन अवश्य कराएं।
कृषि विभाग के अनुसार, पूर्व में धान उपार्जन के लिए एग्रीस्टैक पंजीयन अनिवार्य किया गया था। अब आगामी समय में नवीन खाद वितरण पोर्टल के माध्यम से उर्वरकों के वितरण के लिए भी एग्रीस्टैक किसान आईडी आवश्यक होगी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के अंतर्गत पंजीयन एवं किस्त की राशि प्राप्त करने के लिए भी एग्रीस्टैक किसान आईडी अनिवार्य कर दी गई है। जिन किसानों के पास एग्रीस्टैक आईडी नहीं होगी, उन्हें योजना की आगामी किस्त प्राप्त करने में कठिनाई हो सकती है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल भूमि के नंबरदार ही नहीं, बल्कि सभी पंजीकृत हिस्सेदारों का भी एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन कराया जाना आवश्यक है, ताकि भविष्य में धान खरीदी, खाद-बीज वितरण, कृषक उन्नति योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित अन्य कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के प्राप्त किया जा सके।
किसानों से आग्रह किया गया है कि वे पंजीयन में विलंब न करें और आवश्यक दस्तावेजों के साथ शीघ्र पंजीयन कराएं। अधिक जानकारी एवं सहायता के लिए किसान अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, पटवारी, निकटतम सहकारी समिति अथवा चॉइस सेंटर से संपर्क कर सकते हैं।
0 टिप्पणियाँ