विश्व पर्यावरण दिवस पर SBI आरसेटी बेमेतरा में वृहद पौधारोपण एवं प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित

80 पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प, राजमिस्त्री प्रशिक्षणार्थियों को टूल किट व प्रमाण पत्र वितरित 
बेमेतरा 5 जून 2026 - विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (SBI आरसेटी) बेमेतरा में भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अतिथियों, अधिकारियों एवं प्रशिक्षणार्थियों ने संस्थान परिसर में 80 पौधों का रोपण किया। साथ ही राजमिस्त्री प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके हितग्राहियों को आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहित करने हेतु टूल किट एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। 
    कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत बेमेतरा की अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में अग्रणी बैंक प्रबंधक सुशील कुमार सिंह, भारतीय स्टेट बैंक बेमेतरा के मुख्य प्रबंधक गजेंद्र उइके, ग्राम चोरभट्टी की सरपंच श्रीमती रेखा पात्रे, उपसरपंच एवं ग्राम सचिव शामिल हुए। 
        इस अवसर पर SBI आरसेटी बेमेतरा के निदेशक कृष्णा चौधरी, स्टाफ सदस्य प्रतीक साहेब, अभिषेक, संतोष, मनीष, शिव कुमार एवं कैलाश साहू सहित 80 से अधिक प्रशिक्षणार्थी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।  
      मुख्य अतिथि श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने अपने उद्बोधन में वर्तमान समय में वृक्षों और पर्यावरण संरक्षण की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपने जीवन का प्रेरणादायक अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने अपनी 35 एकड़ भूमि पर एक छोटा जंगल विकसित किया है। उनके इस प्रयास ने उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों एवं नागरिकों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक एवं प्रेरित किया। 
पर्यावरण संरक्षण मानव अस्तित्व के लिए आवश्यक 
अग्रणी बैंक प्रबंधक सुशील कुमार सिंह ने कहा कि मानव जीवन और पर्यावरण एक-दूसरे के पूरक हैं। यदि हम आज पर्यावरण की रक्षा करेंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित और समृद्ध हो सकेगा। भारतीय स्टेट बैंक बेमेतरा के मुख्य प्रबंधक गजेंद्र उइके ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत स्वयं से होती है। प्रत्येक व्यक्ति यदि छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास करे तो देश में पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यापक बदलाव संभव है। 

आरसेटी की गतिविधियों की दी जानकारी 
SBI आरसेटी बेमेतरा के निदेशक कृष्णा चौधरी ने संस्थान में संचालित विभिन्न स्वरोजगार एवं कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए आरसेटी की कार्यप्रणाली और प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों पर प्रकाश डाला। 
प्रशिक्षणार्थियों को मिली टूल किट और प्रमाण पत्र 
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण राजमिस्त्री प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके प्रशिक्षणार्थियों को अतिथियों के हाथों आधिकारिक प्रमाण पत्र एवं टूल किट का वितरण रहा। इससे प्रशिक्षणार्थियों को स्वरोजगार स्थापित करने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने में सहायता मिलेगी। 

80 पौधे रोपकर लिया संरक्षण का संकल्प 
कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों, अधिकारियों और प्रशिक्षणार्थियों ने मिलकर संस्थान परिसर में 80 पौधों का रोपण किया। सभी ने पौधों की नियमित देखभाल करने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का सामूहिक संकल्प भी लिया। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण, कौशल विकास और स्वरोजगार संवर्धन का एक प्रेरणादायक संगम साबित हुआ।