नवागढ़ के अमृत सरोवरों में वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान एवं जन जागरूकता कार्यक्रमों के साथ मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस

ग्रामीणों को विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण की दी गई जानकारी, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प 
बेमेतरा 05 जून 2026 - विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद पंचायत नवागढ़ अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्थित अमृत सरोवरों में पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता से संबंधित विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कलेक्टर बेमेतरा के निर्देशानुसार तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बेमेतरा के मार्गदर्शन में संपन्न हुए। 
      इस अवसर पर ग्राम पंचायत अमलडीहा, कुँवा सहित अन्य ग्राम पंचायतों के अमृत सरोवर परिसरों में वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, सरोवर संवाद एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, युवाओं तथा मनरेगा कर्मियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। 
   कार्यक्रम के दौरान अमृत सरोवरों की साफ-सफाई कर स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण का संदेश दिया गया। सरोवर परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण करते हुए उपस्थित ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया। ग्रामीणों को जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। 
सरोवर पे संवाद 
संवाद कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को आगामी “विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबीजी-रामजी)” की जानकारी भी प्रदान की गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा बताया गया कि 01 जुलाई 2026 से मनरेगा के स्थान पर विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण लागू किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों का विस्तार, स्वरोजगार को प्रोत्साहन, आजीविका संवर्धन तथा समग्र ग्रामीण विकास को गति प्रदान करना है। 

जागरूकता कार्यक्रम 
कार्यक्रम में ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, रोजगार सृजन के अवसरों तथा सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से ग्राम विकास की अवधारणा से अवगत कराया गया। उपस्थित नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सतत आजीविका विकास एवं ग्राम स्तर पर जनभागीदारी को बढ़ावा देने हेतु प्रेरित किया गया। 

     जनपद पंचायत नवागढ़ द्वारा पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन एवं ग्रामीण विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निरंतर जनभागीदारी आधारित गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण के प्रति सकारात्मक जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता और सामुदायिक जिम्मेदारी का प्रभावी संदेश प्रसारित किया।