1 जुलाई से लागू होगी VB G RAM G योजना, बेमेतरा में जागरूकता अभियान ने पकड़ी रफ्तार
बेमेतरा 24 जून 2026 - आगामी 1 जुलाई 2026 से देशभर में लागू होने जा रही VB G RAM G योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं व्यापक जन-जागरूकता के लिए बेमेतरा जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशन में जिले के सभी विकासखंडों में योजना के संबंध में प्रशिक्षण, प्रचार-प्रसार एवं जनसंपर्क गतिविधियों को गति दी गई है, ताकि पात्र हितग्राहियों तक योजना की जानकारी समय रहते पहुंच सके और उन्हें इसका अधिकतम लाभ मिल सके।
इसी क्रम में जनपद पंचायत बेरला अंतर्गत ग्राम पंचायत सांकरा एवं देवरी में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत कर्मियों ने मानव श्रृंखला बनाकर योजना के प्रति जागरूकता का अनूठा संदेश दिया।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हाथों में तख्तियां एवं संदेश पट्टिकाएं लेकर योजना के उद्देश्यों, लाभों एवं जनसहभागिता से जुड़े संदेशों का प्रदर्शन किया। मानव श्रृंखला के माध्यम से ग्रामीणों ने "VB G RAM G – गांव की प्रगति, हम सबकी जिम्मेदारी", "सशक्त गांव, समृद्ध परिवार" तथा "जनभागीदारी से होगा विकास" जैसे नारों के जरिए लोगों को योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
जिला प्रशासन द्वारा योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए पंचायत, ब्लॉक एवं जिला स्तर पर व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं एवं हितग्राहियों को योजना के विभिन्न प्रावधानों, प्रक्रियाओं एवं लाभों की जानकारी दी जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य 30 जून 2026 तक सभी संबंधित हितधारकों का प्रशिक्षण पूर्ण करना है, ताकि 1 जुलाई से योजना का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
योजना के प्रचार-प्रसार हेतु ग्राम सभाओं, चौपालों, जागरूकता रैलियों, पोस्टर-बैनर, मुनादी, जनसंवाद कार्यक्रमों एवं डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है। गांव-गांव में लोगों को योजना की विशेषताओं, पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया से अवगत कराया जा रहा है। सरपंच, पंच, सचिव, रोजगार सहायक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्व-सहायता समूह की महिलाएं तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
मानव श्रृंखला कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने योजना को गांव के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी योजना का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचे, इसके लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। ग्रामीणों ने लोगों से अपील की कि वे योजना की जानकारी प्राप्त करें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार इसका लाभ उठाएं।
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की सफलता जनभागीदारी से ही संभव है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को निर्देशित किया है कि योजना के संबंध में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करें तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर योजना से जोड़ने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। जिले में चलाया जा रहा यह जागरूकता अभियान न केवल योजना के सफल क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है, बल्कि ग्रामीणों में विकास योजनाओं के प्रति जागरूकता, सहभागिता एवं स्वामित्व की भावना को भी मजबूत कर रहा है। मानव श्रृंखला के माध्यम से दिया गया संदेश यह दर्शाता है कि बेमेतरा जिले के ग्रामीण विकास एवं सुशासन की दिशा में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
0 टिप्पणियाँ