अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के खास मौके पर खेल गतिविधियों का आयोजन
जिलें का ग्राम बारगांव (बेरला) खेल के क्षेत्र में बना रहा हैं अपनी खास पहचान
बेमेतरा 23 जून 2026 - अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बारगांव में खेल गतिविधियों का शानदार आयोजन किया गया। इस विशेष दिन को मनाने के लिए विद्यालय स्तर पर हॉकी खेल का आयोजन किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूक करना और उन्हें ओलंपिक खेल के मूल सिद्धांतों - मित्रता, सम्मान और उत्कृष्टता से परिचित कराना रहा।
चिंताराम और विजय के गोल से टीम A की शानदार जीत
सर्वप्रथम खेल मैदान में टीम A और टीम B के मध्य एक रोमांचक फ्रेंडली हॉकी मैच का आयोजन किया गया। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। खेल के दौरान टीम A के खिलाड़ियों ने मैदान पर बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया, टीम A की ओर से खिलाड़ी चिंताराम पटेल ने शानदार ड्रिबलिंग करते हुए विपक्षी टीम के डिफेंस को भेदकर 02 गोल दागे, वहीं टीम के दूसरे अग्रिम पंक्ति के खिलाड़ी विजय ने भी फुर्ती दिखाते हुए 1 गोल कर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। टीम B ने भी वापसी के कई अच्छे प्रयास किए, लेकिन वे टीम A के मजबूत डिफेंस को पार नहीं कर सकें।
खेलों से होता है सर्वांगीण विकास
विद्यालय की व्यायाम शिक्षिका तुलसी साहू ने अंतर्राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा "खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि यह विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और चारित्रिक विकास का आधार हैं। हॉकी जैसे मैदानी खेल बच्चों में टीम भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं, हर साल 23 जून को मनाया जाने वाला अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस दुनिया भर के खेल प्रेमियों के दिलों में एक खास जगह रखता है।
यह महत्वपूर्ण अवसर 1894 में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) की स्थापना का स्मरण कराता है और खेलों की एकीकृत शक्ति की याद दिलाता है। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस युवा एथलीटों को प्रेरित करने और उनकी उपलब्धियों का जश्न मनाने के लिए एक मंच प्रदान करता है।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहें।
0 टिप्पणियाँ