सराफा दुकानों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने एवं संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील
व्यापारियों और पुलिस के समन्वय से जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर जोर
बेमेतरा 29 मई 2026 - जिले में कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव तथा एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का, एसडीओपी बिरला विनय कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली बेमेतरा निरीक्षक सोनल ग्वाला द्वारा स्थानीय सराफा व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
थाना प्रभारी ने सभी सराफा व्यापारियों से अपनी दुकानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने, सुरक्षा अलार्म एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करने की अपील की। साथ ही कहा गया कि दुकान या आसपास किसी भी प्रकार का संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा सके।
बैठक में व्यापारियों को सतर्कता बरतने, अज्ञात व्यक्तियों पर नजर रखने तथा बड़ी लेन-देन के दौरान विशेष सावधानी रखने की सलाह दी गई। पुलिस द्वारा यह भी आश्वस्त किया गया कि व्यापारियों की सुरक्षा के लिए लगातार पेट्रोलिंग एवं निगरानी की जा रही है।
उन्होने कहा कि पुलिस एवं व्यापारियों के आपसी सहयोग से ही जिले में शांति, सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाया जा सकता है। बैठक में उपस्थित व्यापारियों ने भी पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
बैठक में थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा स्टाफ एवं शहर के सराफा व्यापारी गण उपस्थित रहें।