डीआईजी के निर्देश पर गठित विशेष टीम द्वारा अप्रैल माह में 19 गुम/अपहृत तथा 42 लापता को दस्तयाब कर मिलाया गया परिजनों से
डीआईजी ने जिले के राजपत्रित अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर गुम, अपहृत एवं लापता व्यक्तियों की शीघ्र दस्तयाबी हेतु दिए आवश्यक निर्देश
बेमेतरा 30 अप्रैल 2026 - पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय बेमेतरा में जिले के राजपत्रित अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली।
बैठक में डीआईजी रामकृष्ण साहू ने “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत गुम/अपहृत बालक-बालिकाओं तथा “ऑपरेशन तलाश” के तहत लापता महिला एवं पुरुषों की शीघ्र दस्तयाबी एवं बरामदगी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन मुस्कान” एवं “ऑपरेशन तलाश” राज्यव्यापी अभियान हैं, जिनका उद्देश्य गुम, अपहृत एवं लापता व्यक्तियों की तलाश कर उन्हें सुरक्षित उनके परिवारों से मिलाना है। यह अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत पुलिस द्वारा ऐसे प्रकरणों की पहचान कर प्रभावी कार्रवाई की जाती है।
डीआईजी रामकृष्ण साहू ने थाना एवं चौकी प्रभारियों को लंबित प्रकरणों में तत्परता से कार्रवाई करने, गुमशुदा एवं अपहृत व्यक्तियों की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक मामले की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुम, अपहृत एवं लापता व्यक्तियों की दस्तयाबी में संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए।
थाना स्तर पर विशेष टीम गठित कर गुम/अपहृत बालक-बालिकाओं तथा गुम महिला/पुरुषों की दस्तयाबी हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अप्रैल माह में 19 गुम/अपहृत बालक-बालिकाओं तथा 42 लापता (गुमशुदा) महिला/पुरुषों के प्रकरणों का निराकरण किया गया। सभी को राज्य एवं अन्य राज्यों से बरामद किया गया।
बेमेतरा पुलिस ने गुम/अपहृत बालक-बालिकाओं तथा लापता महिला/पुरुषों को उनके परिजनों से मिलाकर परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लौटाने में सफलता प्राप्त की है। बरामद सभी बालक-बालिकाओं तथा महिला/पुरुषों को सकुशल उनके परिवारों को सौंप दिया गया।
उक्त बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव, डीएसपी (मुख्यालय) राजेश कुमार झा, डीएसपी श्रीमती कौशिल्या साहू, डीएसपी श्रीमती शशिकला उईके सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।