सुशासन तिहार में जनकल्याण का उत्सव, समाधान शिविर चोरभट्टी में शामिल हुए विधायक, जन प्रतिनिधिगण व विभागीय अधिकारी
बेमेतरा 22 मई 2026 - शासन की जन हितकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत चोरभट्टी में भव्य एवं गरिमामय शिविर का आयोजन किया गया। इस वृहद जनसमस्या निवारण एवं हितग्राही मूलक शिविर में चोरभट्टी सहित आसपास की कुल 18 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। पूरे आयोजन में ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बन रहा था और शिविर एक जनकल्याणकारी उत्सव के रूप में नजर आया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू उपस्थित रहे। उनके साथ एसडीएम बेमेतरा सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया।
विभागों के स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
शिविर में शासन की योजनाओं की जानकारी एवं लाभ पहुंचाने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा विकासमूलक स्टॉल लगाए गए थे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवाओं का वितरण किया गया, वहीं कृषि विभाग ने किसानों को उन्नत खेती, बीज एवं योजनाओं की जानकारी दी। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण एवं महिला सशक्तिकरण योजनाओं की जानकारी दी गई। राजस्व विभाग ने नामांतरण, सीमांकन एवं अन्य राजस्व संबंधी प्रकरणों पर मार्गदर्शन प्रदान किया, जबकि समाज कल्याण विभाग द्वारा पेंशन एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित आवेदन लिए गए। ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने हेतु आवेदन प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने मौके पर कई आवेदनों का निराकरण करते हुए शेष प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों की मांग पर घोषणाएं
शिविर के दौरान सरपंचों एवं ग्रामीणों की मांग पर विधायक दीपेश साहू ने ग्राम चोरभट्टी में प्राथमिक शाला अहाता निर्माण एवं उचित मूल्य राशन दुकान, ग्राम बुरनबोड़ में सामुदायिक भवन तथा ग्राम पिपरभट्ठा में उचित मूल्य दुकान भवन निर्माण की घोषणा की।
प्रधानमंत्री आवास योजना से बदली हितग्राहियों की जिंदगी
सुशासन तिहार का सबसे भावुक एवं आकर्षक क्षण वह रहा जब प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को उनके नए पक्के मकानों की चाबियां एवं आवास पूर्णता प्रमाण पत्र सौंपे गए। वर्षों से पक्के घर का सपना देख रहे हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।विधायक ने ग्राम चोरभट्टी की हितग्राही श्रीमती उषा यादव एवं श्रीमती रामकली यादव को उनके नए मकान की चाबियां सौंपी। इसी प्रकार ग्राम मटका की हितग्राही इंद्राणी साहू को आवास पूर्णता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया, जबकि ग्राम बसनी के हितग्राही भूपेंद्र यादव को उनके सपनों के घर की चाबी भेंट की गई। हितग्राहियों ने शासन एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनका परिवार सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी सकेगा।
पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन का संदेश
शिविर में विधायक दीपेश साहू ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधरोपण करने एवं पौधों के संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने ग्रामीणों से जल संरक्षण के लिए सोख्ता गड्ढा निर्माण को बढ़ावा देने की अपील भी की।
कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन
कार्यक्रम के दौरान विधायक दीपेश साहू ने लगभग 18 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें ग्राम चोरभट्टी में शिवदयाल साहू के घर से मुखिरमुखी राम साहू के घर तक सीसी रोड निर्माण कार्य, ग्राम गुनाबोर में गली सीमेंट्रीकरण कार्य तथा ग्राम चोरभट्टी में हाईमास्ट लाइट स्थापना कार्य शामिल हैं। इसके साथ ही ग्राम चोरभट्टी एवं गुनाबोर में पूर्ण हुए अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया गया।
इस अवसर पर भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष गजानन साहू, पूर्व मंडल अध्यक्ष छोटूराम साहू, महामंत्री डेरहा देवांगन, भागीरथी साहू, लव साहू, सचिन ठाकुर, सदीप यादव, जनपद सदस्य जितेंद्र यादव, सरपंच रेखा पात्रे, उपसरपंच सनत साहू, सचिव राजकुमार साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
विभागीय स्टॉलों से योजनाओं की जानकारी
शिविर में स्कूल शिक्षा, पुलिस, लोक निर्माण, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, खाद्य, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पशुपालन, उद्यानिकी, खेल, प्रधानमंत्री आवास योजना, मत्स्य, सहकारिता, श्रम विभाग एवं लोक सेवा केंद्र सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
हितग्राहियों को प्रमाण पत्र एवं सामग्री का वितरण
शिविर के दौरान विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को प्रमाण पत्र एवं सामग्री वितरित की गई। राजस्व विभाग द्वारा किसानों को किसान किताब प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग ने हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए तथा निक्षय मित्र योजना के अंतर्गत पोषण सामग्री का वितरण किया।
इसके अलावा नोनी सुरक्षा योजना के तहत एलआईसी बीमा बॉन्ड प्रमाण पत्र एवं सुकन्या समृद्धि योजना अंतर्गत पासबुक प्रदान की गई। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के हितग्राहियों को प्रोत्साहन राशि एवं सम्मान प्रमाण पत्र वितरित किए गए। शिविर में 15 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को आवास की चाबी एवं पूर्णता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। वहीं स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों को जाति प्रमाण पत्र तथा पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड भी वितरित किए गए।