योजना में राशि स्वीकृत कराने बाबू द्वारा घूस मांगने के शिकायत पर कलेक्टर ने की जांच दल का गठन

मामला - अपर कलेक्टर के बाबू द्वारा अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन राशि स्वीकृति कराने पैसे की मांग 

शिकायत पर तत्काल कलेक्टर ने गठित की चार सदस्यीय समिति, इस प्रकरण के साथ ही मार्च 2026 से आज तक के सभी प्रकरणों की भी जांच के आदेश 
बेमेतरा 12 जून 2026 - अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन राशि दिलाने के नाम पर कथित रूप से रिश्वत मांगने के मामले को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। शिकायत प्राप्त होने के बाद कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। 
    प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदक विनय बंजारे निवासी ग्राम सिंघनपुरी जिला बेमेतरा द्वारा 11 जून 2026 को लिखित शिकायत बाबू के विरुद्ध प्रस्तुत की गई थी। शिकायत के आधार पर कलेक्टर कार्यालय द्वारा 12 जून 2026 को जांच समिति गठित करने का आदेश जारी किया गया। 
        जांच समिति में वित्त शाखा की प्रभारी अधिकारी श्रीमती दिव्या पोटाई, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास अभिषेक जायसवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग चंद्रेश सिसोदिया तथा लीड बैंक अधिकारी सुशील सिंह को शामिल किया गया है। 
    जारी आदेश के अनुसार समिति शिकायत की जांच के साथ-साथ मार्च 2026 से वर्तमान तक जारी संबंधित प्रकरणों एवं पात्रता संबंधी दस्तावेजों की भी जांच करेगी। समिति को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्ट अभिमत सहित जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।  
           उल्लेखनीय है कि अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन राशि से जुड़े एक प्रकरण में न्यायालय परिसर में पदस्थ एक कर्मचारी पर राशि स्वीकृत कराने के नाम पर धनराशि मांगने के आरोप लगाए गए हैं। मामले का वीडियो एवं अन्य तथ्य सामने आने के बाद प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश जारी किए हैं। अब सभी की नजरें जांच समिति की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके आधार पर आगे की प्रशासनिक कार्रवाई तय की जाएगी।