डायल-112 सेवा टीम नवागढ़ की तत्परता से युवक की बची जान, डीआईजी रामकृष्ण साहू ने की सराहना

डायल-112 टीम के जवानों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए बचाई युवक की जान, जवानों को मिली प्रशंसा व शुभकामना 
बेमेतरा 22 मई 2026 - बेमेतरा जिले के डायल- 112 टीम नवागढ़ की त्वरित कार्रवाई से एक युवक की जान बच गई। डायल-112 टीम नवागढ़ को सूचना मिली कि नवागढ़ के तिलका पारा क्षेत्र में पारिवारिक विवाद हो रहा है। सूचना मिलते ही डायल-112 टीम तत्काल मौके पर पहुंची। 
    मौके में पहुंचने पर एक महिला घर से बाहर निकलकर चिल्लाते हुए कह रही थी कि उसका बेटा फांसी लगा रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरक्षक विजय कुमार घृतलहरे एवं चालक रविशंकर साहू तत्काल घर के अंदर पहुंचे। वहां एक युवक उम्र लगभग 27 वर्षीय पंखे में पर्दे का फंदा बनाकर झूल रहा था। डायल-112 टीम के जवानों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए युवक को तुरंत नीचे उतारकर उसकी जान बचाई। 
       इसके बाद युवक को तत्काल डायल-112 सेवा वाहन के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ उपचार हेतु पहुंचाया गया। 
     घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू (IPS) ने डायल-112 सेवा में तैनात आरक्षक विजय लहरे एवं चालक रविशंकर साहू सहित पूरी डायल-112 टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में सेवा करना गर्व और जिम्मेदारी दोनों की बात है। उन्होंने सभी डायल-112 सेवा टीमों से ईमानदारी, अनुशासन और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने तथा आम जनता की सेवा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। 
     इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव, डीएसपी (मुख्यालय) राजेश कुमार झा, एसडीओपी बेरला विनय कुमार, एसडीओपी बेमेतरा भुषण एक्का, डीएसपी श्रीमती कौशिल्या साहू, डीएसपी श्रीमती शशीकला उईके सहित जिले के थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा सहकर्मियों ने भी डायल-112 टीम के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए शुभकामनाएं दीं। 

अपील - बेमेतरा पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना, अपराध, घरेलू हिंसा, आगजनी अथवा किसी भी आपात स्थिति में बिना संकोच 112 नंबर डायल करें। बेमेतरा पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सेवा के लिए हर समय प्रतिबद्ध है।