यातायात पुलिस बेमेतरा टीम ने सड़क पर बैठे एवं विचरण करने वाले गौवंशों के गले में बांधी रेडियम पट्टी

एसपी त्रिलोक बंसल के निर्देश पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु आम नागरिकों एवं गौवंश की सुरक्षा के लिए अभियान लगातार जारी
बेमेतरा 02 सितम्बर 2026 - पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव के मार्गदर्शन में समस्त थाना/चौकी व यातायात बेमेतरा पुलिस टीम द्वारा जिले में सड़क सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, आम नागरिकों तथा गौवंशों की सुरक्षा के लिए एवं यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 
     इसी क्रम में आज 02 सितम्बर 2026 को यातायात प्रभारी बेमेतरा रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो सहित यातायात बेमेतरा पुलिस टीम द्वारा सड़क पर बैठे एवं विचरण करने वाले गौवंशों के गले में रेडियम पट्टी बांधी गई। रेडियम पट्टी पर वाहन की हेडलाइट पड़ते ही वह चमकती है, जिससे रात के समय वाहन चालकों को सड़क पर मौजूद गौवंश दूर से दिखाई देंगे। इससे वाहन चालक समय रहते अपनी गति नियंत्रित कर सकेंगे तथा संभावित सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी। 

दुर्घटनाओं की रोकथाम की दिशा में एक सराहनीय प्रयास 
बेमेतरा पुलिस की यह पहल गौवंश एवं आम नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है। पुलिस द्वारा क्षेत्रवासियों से अपील की गई है कि हाईवे अथवा सड़क पर गौवंशों को विचरण करते या बैठे हुए देखने पर सुरक्षित तरीके से उन्हें सड़क के किनारे पहुंचाने में सहयोग करें।
      बेमेतरा पुलिस ने कहा गौवंश एवं आमजन की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है। पुलिस के इस अभियान में सहयोग कर क्षेत्रवासी सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। 

अपील - बेमेतरा पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, शराब सेवन कर वाहन न चलाएं, मालवाहक वाहनों में सवारी न बैठाएं, नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने न दें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं तथा वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें तथा वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस का सहयोग करें। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।  

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ