नारी का सम्मान केवल एक दिन तक सीमित नहीं, नारी का वास्तविक सम्मान प्रतिदिन होना चाहिए - जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी

नारी शक्ति सम्मान 2026 से सम्मानित हुईं जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी 

बॉलीवुड अभिनेत्री सुष्मिता सेन के करकमलों से श्रीमती तिवारी को मिला सम्मान, बेमेतरा का बढ़ाया गौरव 
बेमेतरा 24 मार्च 2026 - बेमेतरा जिले के लिए यह अत्यंत गौरव और खुशी का अवसर रहा, जब समाजसेवी एवं जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी को IBC24 परिवार द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित “नारी शक्ति सम्मान 2026” से रायपुर में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्हें बॉलीवुड की सुप्रसिद्ध अभिनेत्री सुष्मिता सेन के कर-कमलों से यह सम्मान प्राप्त हुआ। 
 यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे बेमेतरा जिले के लिए गर्व का विषय है। समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण एवं जन कल्याण के क्षेत्र में उनके निरंतर योगदान को देखते हुए उन्हें इस सम्मान से नवाजा गया। 

परिचय एवं समाज सेवा की भूमिका 
श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी वर्तमान में जिला पंचायत अध्यक्ष बेमेतरा के रूप में कार्यरत हैं। इसके साथ ही वे “माँ गोदावरी आनंदवन 250 वृद्धाश्रम” का संचालन कर रही हैं, जहाँ असहाय एवं निराश्रित बुजुर्गों को सम्मान, स्नेह और सुरक्षित आश्रय प्रदान किया जाता है। यह सेवा कार्य समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता और समर्पण का जीवंत उदाहरण है।  

नारी शक्ति सम्मान पर विचार 
सम्मान प्राप्ति के उपरांत अपने विचार व्यक्त करते हुए जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि नारी शक्ति सम्मान अपने आप में एक बड़ा मंच है, लेकिन नारी का वास्तविक सम्मान केवल एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए।उन्होंने कहा कि हर महिला में माँ दुर्गा का स्वरूप विद्यमान है और नारी का सम्मान प्रतिदिन होना चाहिए। 
 उन्होंने आगे कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में बढ़-चढ़कर भाग ले रही हैं और अपनी क्षमता का परिचय दे रही हैं। समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसे और अधिक प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। 

महिलाओं की भागीदारी एवं प्रेरणा   
श्रीमती तिवारी ने IBC24 द्वारा आयोजित इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और समाज में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। यह सम्मान महिलाओं के भीतर आत्मविश्वास और नई ऊर्जा का संचार करता है, जिससे वे समाज के लिए और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित होती हैं। 

समाज सेवा के प्रति संकल्प 
श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान से समाज सेवा के प्रति उनका उत्साह और बढ़ा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगे भी वे समाज के हर वर्ग, विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंदों के हित में निरंतर कार्य करती रहेंगी। 
     उन्होंने कहा कि सम्मान केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है, जो हमें समाज के प्रति और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। 
  अंत में उन्होंने इस सम्मान के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए इसे बेमेतरा जिले की जनता को समर्पित किया और कहा कि जनता का विश्वास और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।