पीजी कॉलेज बेमेतरा में एवीबीपी और कॉलेज छात्रों का होली मिलन समारोह में विधायक व अन्य जनप्रतिनिधि हुए शामिल
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 03 मार्च 2026 - शासकीय पं. ज. ने. कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद एवं महाविद्यालय के ऊर्जावान छात्र-छात्राओं द्वारा आयोजित भव्य होली मिलन समारोह उत्साह एवं उमंग के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप मे नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, भारतीय जनता पार्टी के रायपुर प्रभारी राजेंद्र शर्मा, युगल देवांगन, राजू देवांगन, डॉ. विनय साहू, संदीप यादव, योगेश वर्मा, महेश्वर साहू, वासुदेव साहू सहित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संबंध सदस्यगण महाविद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएं, भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधि एवं नगर की युवा शक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण और समस्त छात्र छात्राओं ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर, गले मिलकर आपसी भाईचारे के साथ होली मनाई और हर एक दूसरे को होली पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू ने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों को होली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे, सामाजिक समरसता और भारतीय संस्कृति की जीवंत परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा ही राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है और महाविद्यालय परिसर में इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजनों से विद्यार्थियों में एकता, सकारात्मकता और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।
विधायक श्री साहू ने कहा कि आज का युवा केवल शिक्षा तक सीमित न रहकर सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभा रहा है, जो समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। उन्होंने छात्र-शक्ति की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं का उत्साह और रचनात्मक सोच ही विकसित भारत की आधारशिला है।
रंग, गुलाल, गीत-संगीत और हंसी-खुशी से परिपूर्ण इस समारोह में महाविद्यालय परिसर उत्सवमय वातावरण से सराबोर रहा।
कार्यक्रम के अंत में विधायक श्री साहू ने सभी के सुख, समृद्धि, खुशहाली एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि होली का यह पावन पर्व सभी के जीवन में नए उत्साह और सकारात्मकता के रंग भर दे।