उल्लास नवभारत साक्षरता में सभी विभाग निभाएं सक्रिय भूमिका - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई

उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत महापरीक्षा का आयोजन 22 मार्च को 

उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम अंतर्गत जिला स्तरीय आवश्यक बैठक कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई संपन्न 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 03 मार्च 2026 - जिला बेमेतरा में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक का आयोजन 03 मार्च 2026 को दिशा सभाकक्ष कलेक्टोरेट बेमेतरा में किया गया। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई द्वारा की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं अपर जिला दंडाधिकारी (एडीएम) भी उपस्थित रहे। बैठक में जिले के समस्त विभागों के विभाग प्रमुखों ने सहभागिता की। 

कार्यक्रम की प्रगति एवं उद्देश्यों की जानकारी 
बैठक की शुरुआत जिला शिक्षा अधिकारी गैंदराम चतुर्वेदी द्वारा की गई। उन्होंने उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक जिले में किए गए कार्यों, निर्धारित लक्ष्यों तथा कार्यक्रम के प्रमुख उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इसके पश्चात जिला नोडल अधिकारी खोमलाल साहू ने जिले में संचालित गतिविधियों एवं पंजीकृत शिक्षार्थियों की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम विशेष रूप से 15 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे असाक्षर व्यक्तियों को साक्षर बनाने हेतु संचालित किया जा रहा है, जो किसी कारणवश औपचारिक शिक्षा प्राप्त नहीं कर सके। 

22 मार्च को आयोजित होगी महापरीक्षा 
बैठक में बताया गया कि आगामी 22 मार्च को आयोजित होने वाली महापरीक्षा के माध्यम से पंजीकृत शिक्षार्थियों का आकलन किया जाएगा। इस परीक्षा के अंतर्गत FLNAT (प्रारंभिक साक्षरता एवं संख्या ज्ञान आकलन परीक्षा) के माध्यम से शिक्षार्थियों को मूलभूत पढ़ना-लिखना एवं गणना कौशल में पारंगत बनाने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल साक्षरता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से जीवन कौशल, व्यवसायिक कौशल, बुनियादी शिक्षा एवं सामाजिक सहभागिता को भी बढ़ावा देना है, ताकि प्रत्येक शिक्षार्थी समाज में सम्मानजनक स्थान प्राप्त कर सके। 
कलेक्टर के निर्देश : सभी विभाग निभाएं सक्रिय भूमिका 
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि 22 मार्च को आयोजित महापरीक्षा में सभी पंजीकृत असाक्षर शिक्षार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय स्थापित करते हुए सक्रिय सहभागिता निभाने के निर्देश दिए, ताकि जिला बेमेतरा को पूर्ण साक्षर बनाने का लक्ष्य शीघ्र प्राप्त किया जा सके। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को उल्लास कार्यक्रम से संबंधित शपथ भी दिलाई और जिले को पूर्ण साक्षर बनाने के संकल्प को दोहराया। बैठक में सभी विकासखंडों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला जेल अधीक्षक, समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसी, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) बेमेतरा के प्राचार्य, शिक्षा महाविद्यालय बेमेतरा की प्राचार्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।