अवकाश के दिनों में भी खुले रहेंगे पंजीयन कार्यालय

राजस्व संग्रह प्रभावित न हो इसके लिए निर्देश जारी 
बेमेतरा 20 मार्च 2026 - वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति को देखते हुए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए अवकाश के दिनों में भी पंजीयन कार्यालयों को खुला रखने के निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में महानीरिक्षक पंजीयन एवं अधीक्षक मुद्रांक छत्तीसगढ़ रायपुर के पत्र के संदर्भ में कलेक्टर द्वारा आदेश जारी किया गया है। जारी निर्देश के अनुसार वाणिज्यिक कर (पंजीयन) विभाग, स्टाम्प शुल्क एवं पंजीयन शुल्क के रूप में शासन के राजस्व संग्रह का एक महत्वपूर्ण विभाग है। चूंकि वित्तीय वर्ष समाप्त होने में अब कुछ ही दिन शेष हैं, ऐसे में पंजीयन कार्य प्रभावित होने से राजस्व संग्रह पर सीधा असर पड़ सकता है। 
    प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 मार्च 2026 (रविवार), 28 मार्च 2026 (शनिवार), 29 मार्च 2026 (रविवार) एवं 31 मार्च 2026 (मंगलवार) को शासकीय अवकाश घोषित है। इन अवकाशों के कारण दस्तावेजों के पंजीयन कार्य में बाधा आने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने विशेष व्यवस्था करने का निर्णय लिया है। कलेक्टर ने निर्देश देते हुए कहा है कि जनसुविधा को प्राथमिकता देते हुए तथा शासन के राजस्व संग्रह को प्रभावित होने से बचाने के लिए उक्त सभी अवकाश के दिनों में भी पंजीयन कार्यालय खुले रखे जाएं और नियमित रूप से पंजीयन कार्य किया जाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक स्टाफ की उपस्थिति और कार्य की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। 
     इस निर्णय से आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि जमीन-सम्पत्ति से जुड़े दस्तावेजों का पंजीयन अवकाश के कारण रुकेगा नहीं और वित्तीय वर्ष की अंतिम तिथि से पहले ही लोग अपना कार्य पूर्ण करा सकेंगे।