कार्यालयों में हो बेहतर वातावरण ताकि अधिकारी कर्मचारी सुचारू रूप से कार्य करें और नागरिकों को समय पर उपलब्ध हो सकें सेवाएँ - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई

कलेक्टर सुश्री ममगाईं ने किया साजा के आंगनबाड़ी, तहसील व एसडीएम कार्यालय व नगर में स्वच्छता का औचक निरीक्षण 

कार्यालयों व नगर की व्यवस्थाओं और स्वच्छता का जायजा लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 12 मार्च 2026 - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने आज गुरुवार को साजा नगर के विभिन्न शासकीय संस्थानों का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एसडीएम कार्यालय साजा तथा भरतपुर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-4 का निरीक्षण किया और वहां संचालित व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान साजा की अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सुश्री पिंकी मनहर उपस्थित थी। 
कलेक्टर सुश्री ममगाईं ने एसडीएम कार्यालय साजा पहुँचीं, जहाँ उन्होंने कार्यालय के विभिन्न कक्षों एवं शाखाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय भवन के कुछ हिस्सों में सीपेज की समस्या, क्षतिग्रस्त दीवारें तथा टूटे हुए दरवाजों की स्थिति सामने आई। 
इस पर कलेक्टर सुश्री ममगाई ने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर भवन की मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्य कराने के लिए संबंधित उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यालयों में बेहतर कार्य वातावरण होना आवश्यक है ताकि अधिकारी-कर्मचारी सुचारू रूप से कार्य कर सकें और नागरिकों को समय पर सेवाएँ उपलब्ध हो सकें। 
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नगर क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था की जानकारी लेते हुए नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को नालियों की नियमित सफाई कराने तथा स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है और इसके लिए नगर निकायों को विशेष रूप से सजग रहना चाहिए। 
इसके बाद कलेक्टर ने नगर के भरतपुर वार्ड में स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-4 पहुँचीं, जहाँ उन्होंने औचक निरीक्षण कर केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका उपस्थित रहीं। कलेक्टर ने बच्चों को दिए जा रहे पूरक पोषण आहार, उपस्थिति पंजी, स्वच्छता व्यवस्था तथा अन्य गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुँचाया जाए। 
योजनाओं का क्रियान्वयन गंभीरता और जिम्मेदारी से 
कलेक्टर के इस औचक निरीक्षण से प्रशासनिक अमले में सक्रियता देखने को मिली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए तथा आम नागरिकों को समयबद्ध और बेहतर सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। 
     उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी अधिकारी कर्मचारियों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।