डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल बेमेतरा में सीबीएसई छत्तीसगढ़ प्रमुख जगदीश बर्मन का प्रेरणादायी दौरा, संस्था को मिला विशेष मार्गदर्शन
शिक्षकों को दिया उत्कृष्ट शिक्षा और संस्कार का संदेश, साथ ही शिक्षकों को दी नई शिक्षा पद्धति की सीख
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 12 मार्च 2026 - बेमेतरा जिले के दाढ़ी क्षेत्र का एकमात्र सीबीएसई विद्यालय डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल बेमेतरा में दिन गुरुवार मे जगदीश बर्मन सीबीएसई रिजलन ऑफिसर रायपुर छत्तीसगढ़ प्रमुख का प्रेरणादायी दौरा संपन्न हुआ। विद्यालय के प्राचार्य पीएल जायसवाल ने विद्यालय प्रबंधन एवं स्टाफ की ओर से उनका हार्दिक स्वागत किया।
अतिथि के स्वागत के लिए विद्यालय परिसर को फूलों से सजाया गया तथा सुंदर रंगोली भी बनाई गई। श्री बर्मन का स्वागत पुष्प गुच्छ भेंट कर किया गया। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य पीएल जायसवाल ने श्री बर्मन के आगमन के लिए आभार व्यक्त किया और उन्हें विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल दाढ़ी क्षेत्र का एकमात्र सीबीएसई विद्यालय है, जो विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
अपने दौरे के दौरान श्री बर्मन ने शिक्षकों के साथ एक संवादात्मक सत्र आयोजित किया और आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए बहुमूल्य मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने नवीन शिक्षण विधियों, प्रभावी कक्षा प्रबंधन तथा सीबीएसई दिशा निर्देशों के अनुरूप उच्च शैक्षणिक मानकों को बनाए रखने के महत्व पर विशेष जोर दिया।
सीबीएसई छत्तीसगढ़ प्रमुख जगदीश बर्मन ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में अच्छे संस्कारों का विकास भी उतना ही आवश्यक है। विद्यालय में ऐसा वातावरण तैयार किया जाना चाहिए, जिससे बच्चे ज्ञान के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और अनुशासन को भी अपने जीवन में अपनाएं।
आगे उद्बोधन में श्री बर्मन ने शिक्षकों को प्रेरित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हम सभी को दोगुने उत्साह और मेहनत के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास (शैक्षणिक, नैतिक, सांस्कृतिक और सामाजिक) पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया।
शिक्षकों के लिए यह दौरा अत्यंत प्रेरणादायक और उत्साहवर्धक सिद्ध हुआ। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधन एवं स्टाफ ने श्री बर्मन को उनके बहुमूल्य समय, सहयोग और मार्गदर्शन के लिए हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया।