नवरात्रि का समापन : मटिया (बारगांव) में विशेष अनुष्ठान, जसगीत और सेवागीत के साथ निकली जवारा विसर्जन शोभायात्रा
बेमेतरा 28 मार्च 2026 - शक्ति की उपासना का महापर्व चैत्र नवरात्रि बेमेतरा जिले के बेरला ब्लाक के ग्राम मटिया (बारगांव) में धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ शुक्रवार को संपन्न हुआ। रामनवमी के पावन अवसर पर नौ दिनों तक चलने वाले इस आध्यात्मिक अनुष्ठान का समापन जंवारा विसर्जन के साथ किया गया। इस दौरान क्षेत्र में सुबह से ही आस्था, भाव भक्ति का माहौल बना रहा।
श्रद्धालुओं ने माता रानी से सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। नवरात्रि के 9 दिनों तक उपवास रखने वाले श्रद्धालुओं ने रामनवमी की तिथि पर अपना व्रत पूर्ण किया। इस अवसर पर परंपरानुसार कुंवारी कन्याओं को माता के स्वरूप में सजाकर उनका पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया।
इसके पश्चात घरों और मंदिरों में स्थापित ज्योति कलशों और बोए गए जंवारे की विशेष आरती की गई। सुबह 10 बजे से जंवारा विसर्जन की प्रक्रिया प्रारंभ हुई। महिलाएं और बालिकाएं अपने सिर पर गेहूं के उगे हुए जवारों के घट और खप्पर लेकर निकलीं। पूरी यात्रा के दौरान सेवागीत और जसगीत की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना रहा। मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से शोभायात्रा का स्वागत किया।
महाआरती में शामिल हुए भक्त, तालाब में दी विदाई
अंत में शोभायात्रा विसर्जन स्थल (घोघवा तालाब) पहुंची, जहां माता की महाआरती के पश्चात जंवारे जल में प्रवाहित किए गए। इसी कड़ी में ग्राम के आराध्य देवी शीतला मंदिर में भी विशेष तैयारियां की गई थीं। बड़ी संख्या में ज्योति प्रज्वलित करने वाले श्रद्धालु उपस्थित रहे। विसर्जन के साथ ही नौ दिनों तक चलने वाले इस आस्था के महापर्व का गरिमामय समापन हुआ।