आबकारी आरक्षक भर्ती (ABA25) का चयन परिणाम जारी, 200 अभ्यर्थियों की मुख्य सूची जारी

07 दिवस में दावा-आपत्ति का अवसर, निराकरण बाद जारी होगी सूचना 
बेमेतरा 21 मार्च 2026 - कार्यालय आबकारी आयुक्त छत्तीसगढ़ द्वारा आबकारी आरक्षक पद हेतु छत्तीसगढ़ व्यापम द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षा (ABA25) के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना पत्र जारी किया गया है। जारी सूचना के अनुसार व्यापम द्वारा प्रकाशित मेरिट सूची के आधार पर विभाग में दस्तावेज सत्यापन एवं शारीरिक मापदंड में पात्र पाए गए अभ्यर्थियों में से 200 अभ्यर्थियों का चयन करते हुए मुख्य सूची जारी कर दी गई है। इसके साथ ही 43 अभ्यर्थियों की अनुपूरक सूची भी जारी की गई है। 
       विभाग द्वारा बताया गया है कि यह चयन परिणाम कार्यालयीन पत्र क्रमांक/आब./स्था.(आरज)/2026/2421, दिनांक 19 मार्च 2026 के माध्यम से जारी किया गया है। चयन परिणाम तैयार करते समय व्यापम द्वारा उपलब्ध कराए गए मूल डाटा को आधार बनाया गया है। यदि परिणाम में अंकन, टंकण, मुद्रण या प्रक्रिया संबंधी किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है तो उपलब्ध मूल डाटा के आधार पर चयन परिणाम में संशोधन किया जा सकेगा। 

07 दिवस में दावा-आपत्ति का अवसर 
आबकारी आयुक्त कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि जारी चयन परिणाम के संबंध में यदि किसी अभ्यर्थी को कोई दावा-आपत्ति प्रस्तुत करनी है तो वे सूचना पत्र जारी होने की तिथि से 07 दिवस के भीतर कार्यालय आबकारी आयुक्त छत्तीसगढ़ में अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। अभ्यर्थी वाणिज्यिक कर (जीएसटी) भवन नॉर्थ ब्लॉक सेक्टर-19 नवा रायपुर अटल नगर पिन कोड-492002 में कार्यालयीन समय पर उपस्थित होकर या विभागीय ई-मेल excise.comm.cg@gov.in पर आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन भेज सकते हैं। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त किसी भी दावा-आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। 

दावा-आपत्तियों के निराकरण बाद जारी होगी सूचना 
कार्यालय आबकारी आयुक्त द्वारा जारी सूचना में कहा गया है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्राप्त होने वाली दावा-आपत्तियों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा तथा इसके बाद अंतिम निर्णय लेकर अभ्यर्थियों को पृथक से सूचना जारी की जाएगी।