छत्तीसगढ़ ने बिहार को 3-1 से हराया
तुलसी साहू 01 गोल, माया यादव 01 गोल एवं मोनिका वैरागडे ने भी किया 01 गोल
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 26 फरवरी 2026 - केंद्रीय सिविल सेवा सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा बोर्ड नई दिल्ली के तत्वधान में नई दिल्ली में आयोजित अखिल भारतीय सिविल सर्विसेस हॉकी प्रतियोगिता 2026 मे छत्तीसगढ़ महिला टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बिहार टीम के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की। छत्तीसगढ़ महिला टीम का मुकाबला बिहार टीम के साथ हुआ, जिसमें छत्तीसगढ़ टीम ने अपने चिर परिचित खेल का परिचय देते हुए अपने उम्दा खेल का प्रदर्शन करते हुए बिहार टीम को 3-1 से हराकर टूर्नामेंट में धमाकेदार जीत दर्ज की।
इस शानदार जीत में बेमेतरा जिला अंतर्गत विकासखण्ड बेरला के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बारगांव की व्यायाम शिक्षिका तुलसी साहू पूरे मैच में अपने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ टीम को यादगार विजयी दिलाने में अहम भूमिका निभाई। खेल के पहले हाफ में छत्तीसगढ टीम पूरी तरह हावी रही और टीम का पहला गोल मोनिका वैरागडे ने किया। सेंटर फॉरवर्ड खिलाड़ी तुलसी साहू ने बिहार टीम के अभेद डिफेंस किला को तोड़ते हुए अपना पहला और टीम का दूसरा गोल किया, जिससे छत्तीसगढ़ टीम को 2-1 की निर्णायक बढ़त हासिल हुआ।
दूसरे हाफ में भी छत्तीसगढ़ टीम ने अपने रणनीति को और मजबूत करते हुए शानदार खेल जारी रखा और माया यादव के शानदार 01 गोल की बदौलत टीम को 3-1 की निर्णायक बढ़त मिली। छत्तीसगढ़ टीम की डिफेंस खिलाड़ी रश्मि तिर्की, शोभा वटी, ज्योति तिर्की, भावना गुप्ता, रीठा साहू, सविता चंद्राकर ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने डिफेंस का अभेद किला बनाए रखा, जिससे बिहार टीम सिर्फ 01 गोल करने में सफल हो पाई। गोल कीपर श्वेता शिंदे ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार की फॉरवर्ड खिलाड़ियों के कड़े प्रहारों को रोकर दर्शकों का दिल जीता।
टीम के सभी खिलाड़ियों ने सामूहिक खेल का बेहतरीन उदाहरण पेश करते हुए ऐतिहासिक जीत हासिल की राज्य की टीम में रश्मि तिर्की, श्वेता शिंदे, ज्योति तिर्की, रीठा साहू, संजू साहू, भावना गुप्ता, हर्षा साहू, तुलसी साहू, मोनिका वैरागडे, माया यादव, सविता चंद्राकर, सुमन यादव, लिली ग्रेस किंडाे, जसमोतीन दुग्गे, भारती साहू, शोभा, यामिनी शुक्ला शमिल है।