देवरबीजा में प्रधानमंत्री आवास के कार्यों का जिला सीईओ का निरीक्षण, गुणवत्ता व समयबद्धता पर जोर
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 19 फरवरी 2026 - जिलें के जनपद पंचायत बेरला अंतर्गत ग्राम पंचायत देवरबीजा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती प्रेमलता पद्माकर द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की तथा हितग्राहियों और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर आवास निर्माण शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, मानक सामग्री के उपयोग एवं निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने पर बल दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक स्वीकृत आवास का कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण कराया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को शीघ्र ही पक्के आवास का लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केंद्र एवं राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान जिला सीईओ श्रीमती प्रेमलता पद्माकर ने हितग्राहियों से निर्माण कार्य की प्रगति, भुगतान की स्थिति तथा आ रही समस्याओं के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और निर्माण कार्य में सक्रिय सहयोग करें, जिससे निर्धारित समय में आवास पूर्ण हो सके।
इस अवसर पर जनपद पंचायत बेरला के आवास प्रभारी, ग्राम पंचायत देवरबीजा के सरपंच, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा हितग्राहियों को तकनीकी मार्गदर्शन भी दिया गया तथा लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आवासहीन एवं कच्चे मकानों में रहने वाले पात्र परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। निरीक्षण के माध्यम से प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि योजना का लाभ पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।