बीच सड़क पर होली ना जलाए, होलिका दहन सुरक्षित एवं खुले स्थान पर करें - एसडीओपी बेरला विनय कुमार
बेरला थाना परिसर में एसडीओपी एवं एसडीएम द्वारा जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में ली गई शांति समिति की बैठक
होली पर्व शांति, सौहार्द्र एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाने तथा उपद्रवियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का दिया गया संदेश
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 19 फरवरी 2026 - आगामी होली पर्व के मद्देनजर थाना बेरला परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं एवं पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव के मार्गदर्शन में एसडीएम बेरला सुश्री दीप्ति वर्मा, एसडीओपी बेरला विनय कुमार, थाना प्रभारी बेरला उप निरीक्षक राजकुमार साहू, चौकी प्रभारी कंडरका उप निरीक्षक डीएल सोना, तहसीलदार सरिता मढरिया एवं तहसीलदार आशुतोष गुप्ता सहित नगर पंचायत बेरला, कुसमी एवं भिंभौरी के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षदगण, वरिष्ठ नागरिक, जनप्रतिनिधि तथा आसपास के ग्रामों के सरपंच एवं पंच की उपस्थिति में सम्पन्न हुई।
बैठक में एसडीओपी बेरला विनय कुमार ने सभी को निर्देशित किया गया कि होलिका दहन सुरक्षित एवं खुले स्थान पर किया जाए। आसपास बिजली के तार, पैरावट, भूसा अथवा सकरी गलियों में होलिका दहन न किया जाए। बीच सड़क पर होली जलाने से भी परहेज करने की समझाइश दी गई, जिससे यातायात बाधित न हो एवं दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।
इसके अतिरिक्त एसडीएम बेरला दीप्ति वर्मा ने मुखौटा न लगाने, कीचड़ अथवा ज्वलनशील तरल पदार्थों का प्रयोग न करने, किसी भी महिला या पुरुष पर जबरन रंग-गुलाल न लगाने, कपड़े न फाड़ने, यातायात नियमों का पालन करने, शराब पीकर वाहन न चलाने एवं झगड़ा-विवाद से दूर रहने की अपील की गई। साथ ही किसी भी धर्म या समाज के विरुद्ध उत्तेजक एवं अपमानजनक पोस्ट सोशल मीडिया पर न डालने तथा ऐसी पोस्ट को फॉरवर्ड न करने की समझाइश दी गई।
बैठक में उपस्थित जन प्रतिनिधियों एवं नागरिकों से होली पर्व के दौरान सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का आग्रह किया गया।
अपील - बेमेतरा पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि होली का पर्व शांति, सौहार्द्र एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि पर्व के दौरान उपद्रव या हुड़दंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।