प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 27 फरवरी 2026 - नवीन विधानसभा भवन में प्रस्तुत छत्तीसगढ़ राज्य के वर्ष 2026-27 के बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए साजा विधानसभा एनएसयूआई अध्यक्ष दिनेश साहू ने प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा पेश बजट को युवा विरोधी बताया है।
विस अध्यक्ष दिनेश साहू ने कहा कि प्रदेश के लाखों युवाओं को इस बजट से बड़ी उम्मीदें थी, किंतु बजट में न तो नए सरकारी पदों की ठोस घोषणा की गई और न ही रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को लेकर कोई स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा, छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता तथा बेरोजगारी भत्ता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सरकार ने ठोस निर्णय लेने के बजाय सामान्य आश्वासनों तक ही बात सीमित रखी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने के बजाय सरकार वादा खिलाफी की राह पर चल रही है। किसानों की आय दोगुनी करने के दावों के विपरीत जमीनी स्तर पर किसानों की समस्याओं का समाधान दिखाई नहीं दे रहा है। अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग के हितों को लेकर भी बजट में केवल आँकड़ों के माध्यम से आश्वासन दिया गया है, जबकि वास्तविक स्थिति सुधार की मांग करती है।
विस अध्यक्ष दिनेश साहू ने यह भी कहा कि प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर पर्याप्त संवेदनशीलता दिखाई नहीं दे रही है। लगातार हो रही पेड़ों की कटाई और पर्यावरणीय चुनौतियों पर बजट में ठोस प्रावधानों का अभाव चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि यह बजट विकास के ठोस विजन के बजाय आँकड़ों की प्रस्तुति तक सीमित प्रतीत होता है। प्रदेश के युवा, किसान और आम नागरिक इस बजट से बेहतर और ठोस निर्णयों की अपेक्षा कर रहे थे।