आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को समर्थन देने हड़ताल स्थल पहुंचे बेमेतरा कांग्रेस जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 27 फरवरी 2026 - आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं द्वारा अपनी मांगों को लेकर राज्य स्तरीय हड़ताल किया जा रहा हैं, जिसको लेकर बेमेतरा जिले में भी पूरे जिलें की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं द्वारा जिला मुख्यालय में हड़ताल किया जा रहा हैं। छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के हड़ताल को समर्थन देने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा अध्यक्ष एवं बेमेतरा के पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने हड़ताल स्थल पर पहुंचकर अपना समर्थन व्यक्त किया।
इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा अध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार लोगों को झूठे वादे और कोरी कल्पनाएं दिखाकर सत्ता हासिल कर ली है। लेकिन आज सभी वर्ग चाहे वह किसान हो या कर्मचारी हो इस सरकार से परेशान और निराश हो चुके हैं।
पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की शासकीयकरण की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि भाजपा सरकार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शासकीय कर्मचारी घोषित करते हुए इन्हें भी शासकीय कर्मचारियों के समान सभी सुविधाओं को प्रदान किया जाना चाहिए। जिसमें इनका पेंशन, चिकित्सा पूर्ति सहित तमाम तरह की सुविधा जो शासकीय कर्मचारियों को मिलती है उन्हें दिए जाना चाहिए। साथ ही साथ संघ द्वारा हड़ताल में जिन मुद्दों पर सरकार से माग की जा रही है, उन सभी मांगों का भी समर्थन करता हूं।
इस अवसर पर ललित विश्वकर्मा, श्रीमति रश्मि मिश्रा, श्रीमति शकुन्तला साहू, श्रीमति शशि प्रभा गायकवाड, सुमन गोस्वामी, मनोज शर्मा, रवि रजक, चंद्र प्रकाश शीतलानी, विद्या जैन सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।