कलेक्टर, डीआईजी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारीयो ने की पूजा अर्चना
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 16 फरवरी 2026 - जिले के संयुक्त जिला कार्यालय एवं कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना और भव्य रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में जिले के विभिन्न अधिकारी-कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भगवान शिव की उपासना में लीन हुए। महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। विशेष अवकाश होने के कारण आज भंडारा-प्रसाद का आयोजन भी संपन्न हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा मगाई, पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू, अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और संयुक्त जिला कार्यालय के कर्मचारी भी मंदिर में उपस्थित रहे। सभी ने विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की, शिवलिंग का दुग्धाभिषेक और रुद्राभिषेक में भाग लेकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में उपस्थित भक्तों ने भगवान शिव की महिमा का गुणगान किया और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से मंदिर परिसर को भक्तिमय वातावरण में परिवर्तित कर दिया। अधिकारी-कर्मचारी और श्रद्धालुओं का समर्पित भाव और उत्साह देखने योग्य था। इस आयोजन से जिले में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ और लोगों में धार्मिक चेतना और सामूहिक भक्ति का संदेश फैलाने का अवसर मिला। महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व ने सभी के लिए आध्यात्मिक आनंद और सामाजिक मेलजोल का प्रतीक बनकर उभरा।