बुधवार, 4 फ़रवरी 2026

बार-बार एक ही विषय से संबंधित शिकायतें आना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगाता है, अतः अधिकारी गंभीरता से कार्य करें - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई

लंबित प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं - कलेक्टर बेमेतरा 

निर्देशों की अवहेलना पर कार्रवाई के लिए रहें तैयार, अनाधिकृत अनुपस्थिति पर होगी सख्त कार्रवाई - कलेक्टर 

वित्तीय एवं भौतिक लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति एवं योजनाओं के क्रियान्वयन में गति लाने के निर्देश 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 03 फरवरी 2026 - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में जिले के समस्त विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विभागों में लंबित प्रत्येक प्रकरण अत्यंत महत्वपूर्ण है और इनके निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि लंबित मामलों को सहजता से लेने की प्रवृत्ति पर तत्काल अंकुश लगाया जाए तथा प्रकरणों के निराकरण में जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। 
     कलेक्टर ने बैठक में समय-सीमा के अंतर्गत कलेक्टर जनदर्शन, मुख्यमंत्री जनदर्शन, विभिन्न विभागीय पोर्टल एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि बार-बार एक ही विषय से संबंधित शिकायतें आना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगाता है, अतः अधिकारी गंभीरता से कार्य करें। 

वित्तीय वर्ष समाप्ति से पहले लक्ष्य पूर्ति पर विशेष जोर 
बैठक में कलेक्टर ने विभागीय वित्तीय एवं भौतिक लक्ष्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वित्तीय वर्ष समाप्ति की कगार पर है, इसे ध्यान में रखते हुए सभी विभाग अपने-अपने निर्धारित लक्ष्यों की प्राथमिकता तय करें और शीघ्रता से लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि बजट के समुचित उपयोग के साथ योजनाओं का लाभ समय पर हितग्राहियों तक पहुँचना चाहिए। 

अनाधिकृत अनुपस्थिति पर होगी सख्त कार्रवाई 
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को मुख्यालय में निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के अनुपस्थिति पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली की समीक्षा करते हुए अनियमित उपस्थिति वाले अधिकारी-कर्मचारियों को चेतावनी जारी की और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 

समय-सीमा बैठक के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश 
कलेक्टर ने समय-समय पर शासकीय कार्यों के उद्देश्य से दिए गए निर्देशों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी अधिकारी इन निर्देशों का पालन पूर्ण जवाबदारी के साथ करें। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर निर्देशों की अवहेलना या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। 

योजनाओं के क्रियान्वयन में गति लाने के निर्देश 
बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न शासकीय योजनाओं, सेवाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की और सभी विभागों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिलना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं है। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को कर्तव्य निर्वहन गंभीरता से करते हुए विभागीय कार्यों का समयबद्ध संपादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।  

भगवान से जुड़ना सिखाती है श्रीमद भागवत - श्रद्धा दीदी

श्रीकृष्ण-रूखमणी विवाह कथा सुन भाव विभोर हुए श्रद्धालु  श्रीमद् भागवत कथा बारगांव (बेरला) में उमड़ी श्रोताओं की भीड़, आज होगी सुदामा चरित्र की...