बुधवार, 4 फ़रवरी 2026

किसानों के साथ भाजपा ने किया है वायदा खिलाफी - जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा

धान खरीदी की तिथि नहीं बढ़ाने पर कांग्रेस करेगी एक बड़ा जन आंदोलन - बेमेतरा कांग्रेस 

भाजपा सरकार पर वायदा खिलाफी व जानबूझकर रोडे अटकाने का लगाया आरोप 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 03 फरवरी 2026 - जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा अध्यक्ष एवं बेमेतरा के पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने भाजपा सरकार पर किसानों के साथ वायदा खिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा सरकार की नियत किसानों के धान खरीदने की नहीं है। जानबूझकर धान खरीदी में तरह-तरह के रोडे अटकाए गए। जिस तरह की टोकन प्रणाली राज्य में लागू की गई वह बहुत ही अव्यवहारिक एवं किसानों को परेशान करने वाली प्रणाली है। साथ ही साथ जिस तरह से धान का परिवहन करने में लेट लतीफी की गई, जिसके कारण निर्धारित समय अवधि में टोकन लिए हुए किसानों का धान नहीं खरीदा जा सका। हर कदम पर भाजपा की सरकार ने किसानों के साथ छल कपट किया है और इसका ही परिणाम है कि निर्धारित अंतिम तिथि तक किसानों के धान नहीं खरीदे जा सके हैं। आज भी 10000 कि्वंटल से अधिक धान लिए किसान बैठे हुए हैं और इंतजार कर रहे हैं कि उनका धान कैसे बिकेगा। भाजपा सरकार चुनाव में बड़े-बड़े वादे करती है और धरातल पर भाजपा के असली कारनामे जनता को देखने को मिलते हैं। परिणाम यह है कि इसका हर्जाना किसानों को भुगतना पड़ेगा। धान बिक्री की आस लिए किसान साल भर अपने खेतों में मेहनत करते हैं साहूकारों से, बैंकों से कर्ज लेते हैं, इस आस में कि सरकार उनका धान खरीदेगा, लेकिन भाजपा सरकार जो किसान विरोधी सरकार है, बड़ी-बड़ी बातें करना तो जानती है, लेकिन किसान और गरीबों का भला नहीं कर सकती। भाजपा में जरा भी नैतिकता है तो धान खरीदी के तिथि को आगे बढ़ाएं, जिससे किसानों का धान बिक सके, अन्यथा बहुत से किसान बर्बाद हो जाएंगे। जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा अध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने कहा कि धान खरीदी को लेकर आने वाले दिनों में अगर तिथि नहीं बढ़ाई गई तो कांग्रेस एक बड़ा जन आंदोलन खड़ा करेगी। 

भगवान से जुड़ना सिखाती है श्रीमद भागवत - श्रद्धा दीदी

श्रीकृष्ण-रूखमणी विवाह कथा सुन भाव विभोर हुए श्रद्धालु  श्रीमद् भागवत कथा बारगांव (बेरला) में उमड़ी श्रोताओं की भीड़, आज होगी सुदामा चरित्र की...