मुखौटा न लगाने, कीचड़ व ज्वलनशील पदार्थों का प्रयोग न करने, किसी पर जबरन रंग न लगाते हुए शांति से पर्व मनाए - एसडीएम नवागढ़ श्रीमती दिव्या पोटाई
जपं नवागढ में एसडीओपी एवं एसडीएम ने ली जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में शांति समिति की बैठक
शांति, सौहार्द्र एवं आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण होली त्यौहार मनाने हेतु की गई अपील
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 21 फरवरी 2026 - आगामी होली पर्व के मद्देनजर जनपद पंचायत नवागढ में 20 फरवरी 2026 को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं एवं पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव के मार्गदर्शन में एसडीएम नवागढ़ श्रीमती दिव्या पोटाई, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का, थाना प्रभारी नवागढ़ उप निरीक्षक भुनेश्वर यादव, चौकी प्रभारी संबलपुर सहायक उपनिरीक्षक असीम कीर्तनिया सहित जनपद सीईओ, बीएमओ, सीएमओ, तहसीलदार, नगर पंचायत नवागढ के जन प्रतिनिधिगण, समाज प्रमुख वरिष्ठ नागरिक की उपस्थिति में सम्पन्न हुई।
बैठक में एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का ने सभी को निर्देशित किया गया कि होलिका दहन सुरक्षित एवं खुले स्थान पर किया जाए। आसपास बिजली के तार, पैरावट, भूसा अथवा सकरी गलियों में होलिका दहन न किया जाए। बीच सड़क पर होली जलाने से भी परहेज करने की समझाइश दी गई, जिससे यातायात बाधित न हो एवं दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।
इसके अतिरिक्त एसडीएम नवागढ़ श्रीमती दिव्या पोटाई ने मुखौटा न लगाने, कीचड़ अथवा ज्वलनशील तरल पदार्थों का प्रयोग न करने, किसी भी महिला या पुरुष पर जबरन रंग-गुलाल न लगाने, कपड़े न फाड़ने, यातायात नियमों का पालन करने, शराब पीकर वाहन न चलाने एवं झगड़ा-विवाद से दूर रहने की अपील की गई। साथ ही किसी भी धर्म या समाज के विरुद्ध उत्तेजक एवं अपमानजनक पोस्ट सोशल मीडिया पर न डालने तथा ऐसी पोस्ट को फॉरवर्ड न करने की समझाइश दी गई।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से होली पर्व के दौरान सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का आग्रह किया गया।
अपील - बेमेतरा पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि होली का पर्व शांति, सौहार्द्र एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि पर्व के दौरान उपद्रव या हुड़दंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।